
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर से डेमोक्रेटिक पार्टी की सांसद इल्हान उमर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने इसके साथ ही इल्हान उमर की पिछली शादी से जुड़े आरोपों को फिर से हवा दे दी है। ट्रंप ने ये मांग एक संघीय अदालत में दायर उस दस्तावेज के बाद की है जिसमें मिनेसोटा की इस सांसद का नाम 'इल्हान नूर सईद एल्मी, जिसे इल्हान अब्दुल्लाही उमर के नाम से भी जाना जाता है' बताया गया है।
गुरुवार को आयोवा में एक रैली को संबोधित करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी अटॉर्नी जीनिन पिरो के कार्यालय की तरफ से दायर इस दस्तावेज का हवाला दिया। उन्होंने दावा किया कि उमर ने कांग्रेस सदस्य के रूप में शपथ लेते समय एक फर्जी नाम का इस्तेमाल किया था। इसके अलावा डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी इल्हान उमर को लेकर एक पोस्ट डाला है जिसमें उन्होंने एक बार फिर से 'इल्हान उमर के रिश्ते उनके भाई से जोड़े हैं।'
डोनाल्ड ट्रंप ने इल्हान उमर पर क्या कहा?
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा 'अभी कुछ समय पहले ही पता चला है कि इल्हान उमर, जिन्हें मैं कभी पसंद नहीं करता था, उनका असली नाम 'इल्हान उमर' नहीं है। इसी नाम का इस्तेमाल करके वह चुनी गईं और कांग्रेस सदस्य के तौर पर शपथ ली। असल में उनका नाम कुछ और है- 'इल्हान नूर सईद एल्मी', जो 'इल्हान उमर' से काफी अलग है।' उन्होंने आगे कहा 'उनका सरनेम उनके भाई अहमद नूर सईद एल्मी के सरनेम से बिल्कुल मेल खाता है। कहा जाता है कि उन्होंने अपने भाई से ही शादी की थी और उनके बच्चे भी हैं, खैर, ऐसा करना कानूनी है या नहीं मुझे नहीं पता।'
ट्रंप ने आगे कहा 'उन्होंने शपथ लेने के लिए एक फर्जी नाम का इस्तेमाल किया है। मुझे लगता है कि उन्हें तुरंत कांग्रेस से इस्तीफा दे देना चाहिए।'
ट्रंप ने आरोप लगाया कि उन्होंने (इल्हान) धोखाधड़ी की बात कबूल कर ली है और 'डेमोक्रेटिक पार्टी ने उनकी सीट छोड़ दी है और इल्हान नूर सईद एल्मी, जो उनका असली नाम है, उन्होंने खुले तौर पर धोखाधड़ी की बात मान ली है। अब उन्हें कानूनी तौर पर इस प्रतिष्ठित सदन के सदस्य के रूप में काम करने की अनुमति नहीं मिलेगी।'
अदालत में अभी तक साबित नहीं हुए हैं आरोप
हालांकि अदालत में ये आरोप साबित नहीं हुए हैं और इल्हान उमर के कार्यालय ने इस बात से इनकार किया है कि उन्होंने किसी फर्जी नाम का इस्तेमाल किया है। अदालत में दाखिल दस्तावेजों में किसी दूसरे नाम का जिक्र होने भर से ही यह साबित नहीं हो जाता कि उन्होंने धोखाधड़ी की है या वे कांग्रेस में काम करने के अयोग्य हो गई हैं।
फॉक्स न्यूज को मिले अदालती दस्तावेजों का संबंध वाशिंगटन डीसी इलाके में स्थित उमर के आवास से जुड़े एक फेडरल सर्च वारंट से है जिसके दस्तावेजों को सील (गोपनीय) रखने की कोशिश की गई थी। इन दस्तावेजों से यह साबित नहीं होता कि कांग्रेस सदस्य ने किसी फर्जी पहचान का इस्तेमाल किया है या वे कानूनी तौर पर कांग्रेस में काम करने के अयोग्य हैं।
इल्हान उमर ने आरोपों को खारिज किया
इल्हान उमर के कार्यालय ने इस रिपोर्ट को खारिज कर दिया और फॉक्स न्यूज डिजिटल से कहा 'यह पूरी तरह से गलत है। इल्हान उमर ही उनका असली नाम है।' उमर के प्रवक्ता ने इन आरोपों को 'बदनाम करने की एक हताश कोशिश' बताया और कहा कि 'यह शर्मनाक है कि मीडिया इस झूठ को लगातार हवा दे रहा है।'
इस विवाद के साथ ही वे आरोप भी फिर से सामने आ गए हैं जिनमें कहा गया था कि उमर के पूर्व पति अहमद नूर सईद एल्मी असल में उनके भाई हैं। उमर ने कई बार इन दावों का खंडन किया है।
बुधवार को 'एमएस नाउ' के एंकर क्रिस हेस के साथ एक इंटरव्यू में उमर ने इस आरोप को 'बेतुका' बताया। जब उनसे पूछा गया कि क्या एल्मी के साथ उनका कोई पारिवारिक रिश्ता है तो उन्होंने जवाब दिया 'मेरी जानकारी में तो ऐसा नहीं है।' #IlhanOmar #Trump #PoliticalScandal #News #USPolitics #Congress #Election2024
Chapra, Saran | Oct 23, 2026