
लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के लिए 23 अक्टूबर को मतदान, समस्याओं के लिए कंट्रोल रूम नंबर जारी
हरदोई। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 23 अक्टूबर 2026 को मतदान कराया जाएगा। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों पर संपन्न होगा। मतदान के दौरान जनसामान्य की समस्याओं और निर्वाचन संबंधी शिकायतों के निस्तारण के लिए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम स्थापित किया है।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी दीपाली भार्गव ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। निर्वाचन संबंधी शिकायतों के निस्तारण, उनके प्रेषण तथा अन्य निर्वाचन कार्यों की प्रभावी निगरानी के लिए 27 सितंबर 2026 से कंट्रोल रूम संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जनपद हरदोई में लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से संबंधित कंट्रोल रूम का टेलीफोन नंबर 05852-234407 है।
23 अक्टूबर को मतदान के दौरान निर्धारित मतदान केंद्रों पर किसी भी प्रकार की समस्या होने पर जनसामान्य इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने निर्वाचन संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए कंट्रोल रूम का उपयोग करने की जानकारी दी है।
Bilgram, Hardoi | Oct 22, 2026