
खेमराज सुंदरियाल का जीवन परिश्रम, समर्पण, नवाचार और सामाजिक दायित्व का अद्भुत उदाहरण: उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ
पद्मश्री से सम्मानित खेमराज सुंदरियाल को उपायुक्त ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
उनकी उपलब्धियां देश की पारंपरिक कला और आत्मनिर्भरता की गौरवशाली मिसाल
पारंपरिक कारीगरों के हुनर का भी गौरव
पानीपत, 3 नवंबर। भारतीय हथकरघा एवं हस्तशिल्प उद्योग को नई पहचान दिलाने वाले पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित खेमराज सुंदरियाल को मंगलवार को उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने उपायुक्त कार्यालय में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि पद्मश्री से सम्मानित खेमराज सुंदरियाल का जीवन परिश्रम, समर्पण, नवाचार और सामाजिक दायित्व का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने अपना पूरा जीवन भारतीय हथकरघा एवं हस्तशिल्प परंपरा को मजबूत बनाने और बुनकरों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में समर्पित किया है।
बड़ी संख्या मे बुनकरों और विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देना अपने आप में असाधारण उपलब्धि है। पानीपत के पारंपरिक खेस को नई तकनीक और डिजाइन के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा।
उपायुक्त डॉ हरीश ने कहा कि खेमराज सुंदरियाल ने यह साबित किया है कि पारंपरिक हुनर को आधुनिक तकनीक और रचनात्मक सोच के साथ जोडक़र रोजगार, उद्यमिता और आर्थिक विकास के नए रास्ते खोले जा सकते हैं। उनका पद्मश्री से सम्मानित होना न केवल उनके व्यक्तिगत योगदान का सम्मान है, बल्कि पानीपत के हथकरघा उद्योग और देश के लाखों पारंपरिक कारीगरों के हुनर का भी गौरव है। ऐसे व्यक्तित्व युवा पीढ़ी को अपनी विरासत पर गर्व करने, हुनर सीखने और उसे आगे बढ़ाने की प्रेरणा देते हैं।
गौरतलब है कि खेमराज सुंदरियाल ने अपने छह दशक से अधिक के अनुभव, मेहनत और नवाचार के माध्यम से न केवल पारंपरिक हथकरघा कला को संरक्षित किया, बल्कि हजारों बुनकरों को प्रशिक्षण देकर उनके लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी तैयार किए हैं।
इस मौके पर एसडीएम मनदीप कुमार एसडीएम समालखा अमित कुमार एसडीएम इसराना नवदीप नैन नगराधीश टीनू पोसवाल और उनके पुत्र अजय और की अन्य गण मान्य व्यक्ति मौजूद रहे। इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा भी उपस्थित रहे।
Israna, Panipat | Nov 11, 2026