
देहरादून। दिवाली के अगले ही दिन
दून में रिश्तों का कत्ल हो गया ।
सोमवार को शहर के अलग-अलग
थाना क्षेत्रों में तीन हत्या की वारदातें
सामने आईं। रायपुर थाना क्षेत्र में जमीन
विवाद में मामा ने भांजे की जान ले ली
तो वहीं राजपुर थाना क्षेत्र में नशे के
लिए रुपये नहीं मिलने पर बेटे ने पिता
की हत्या कर दी। वहीं, डालनवाला
थाना क्षेत्र में दिवाली पार्टी मनाने घर से
गए 15 वर्षीय किशोर की संदिग्ध
परिस्थितियों में मौत हो गई। पिता ने
उसके दोस्त और साथियों पर हत्या का
आरोप लगाया है। तीनों घटनाओं ने
शहर को झकझोर कर रख दिया।
पहली घटना डालनवाला थाना क्षेत्र
की है। यहां 15 वर्षीय अर्श अंसारी
की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो
गई। पिता नदीम अंसारी के अनुसार
उनका बेटा दोस्त श्रेयांश ममगाईं के
साथ दिवाली पार्टी मनाने गया था।
सुबह उसकी मौत की सूचना मिली।
दून अस्पताल की मोर्चरी में मिले शव
पर चोट और चाकू से वार के निशान
थे। पिता ने दोस्त और उसके साथियों
पर हत्या का आरोप लगाते हुए
प्राथमिकी दर्ज कराई है।
दूसरी वारदात रायपुर थाना क्षेत्र के
एकता विहार के पास हुई। यहां जमीन
विवाद में गौरव चौधरी (28) की
उसके मामा नितिन ने हत्या कर दी।
आरोप है कि नितिन ने साथियों के साथ
मिलकर गौरव को घर में बंद कर पीटा
और फिर सीने में खुखरी घोंप दी। बीच
बचाव करने पहुंची एक महिला पर भी
हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल
गौरव की अस्पताल में उपचार के
दौरान मौत हो गई।
तीसरी घटना राजपुर थाना क्षेत्र के चलांग कुल्हन की है। यहां नशे के लिए रुपये नहीं मिलने
पर नितिन राणा (35) ने अपने पिता
मदन राणा (62) की चाकू मारकर
हत्या कर दी। आरोपी पहले भांजे
ऋषभ से रुपये मांग रहा था। इन्कार
करने पर उस पर दरांती से हमला करने
का प्रयास किया। बीच बचाव करने
पहुंचे पिता पर चाकू से वार कर दिया।
अस्पताल में उनकी मौत हो गई। पुलिस
ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया
कि तीनों मामलों में पुलिस जांच कर
आगे की कार्रवाई कर रही है।
Ronhat, Sirmaur | Nov 10, 2026