
शादी का झांसा देकर महिला से शारीरिक शोषण का आरोप, दरोगा अर्जुन सिंह वाराणसी से गिरफ्तार
प्रतापगढ़ के मानधाता में तैनात उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह पर महिला ने शादी का झांसा देकर करीब एक साल तक शारीरिक शोषण करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपी दरोगा को मंगलवार को वाराणसी से गिरफ्तार कर लिया।
महिला की शिकायत के अनुसार, उसकी मुलाकात एसआई अर्जुन सिंह से एक मुकदमे की पैरवी के दौरान हुई थी। आरोप है कि दरोगा ने खुद को अविवाहित बताते हुए महिला को शादी का भरोसा दिया। इसके बाद प्रतापगढ़ के अलग-अलग होटलों में बुलाकर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता का आरोप है कि 17 जून 2026 को जब उसने शादी करने के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया। इस दौरान कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई। बाद में महिला को जानकारी हुई कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं।
महिला की लिखित शिकायत के आधार पर 27 जून 2026 को महिला थाना प्रतापगढ़ में बीएनएस की धारा 69, 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी एसआई अर्जुन सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था। अब पुलिस ने आरोपी को वाराणसी से गिरफ्तार कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
सीओ सिटी आशुतोष मिश्रा ने बताया कि आरोपी दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे निलंबित किया गया था। मंगलवार को पुलिस टीम ने अर्जुन सिंह को बनारस से गिरफ्तार कर लिया।