
🚨गैरसैंण में CM धामी का बड़ा ऐलान, 231.91 करोड़ की 12 विकास योजनाओं की दी सौगात
197.87 करोड़ की 6 योजनाओं का शिलान्यास, 34.04 करोड़ की 6 योजनाओं का किया लोकार्पण
पेयजल, सड़क, शिक्षा और सुरक्षा से जुड़ी परियोजनाओं से गैरसैंण को मिलेगी मजबूती
गैरसैंण (चमोली)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को भराड़ीसैंण, गैरसैंण में जनपद चमोली के विकास को गति देते हुए 231.91 करोड़ रुपये की 12 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 197.87 करोड़ रुपये की छह योजनाओं का शिलान्यास और 34.04 करोड़ रुपये की छह पूर्ण योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।
इन परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति, सड़क कनेक्टिविटी, शिक्षा, भू-धंसाव से सुरक्षा और पुलिस व अग्निशमन सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया गया है।
रामगंगा नदी पर बांध निर्माण का शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने 122.69 करोड़ रुपये की लागत से गैरसैंण शहर और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति के लिए रामगंगा नदी पर बांध निर्माण योजना का शिलान्यास किया। इसके अलावा कर्णप्रयाग के बहुगुणानगर में 50.18 करोड़ रुपये की लागत से भू-धंसाव से सुरक्षा संबंधी कार्यों की शुरुआत की गई।
शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से राजकीय पॉलिटेक्निक गैरसैंण के भवन निर्माण पर 12.16 करोड़ रुपये तथा राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय बछुवाबाण में भवन अनुरक्षण पर 22.75 लाख रुपये की लागत वाले कार्यों का भी शिलान्यास किया गया।
वहीं, कुमोली रैवान और गैरसैंण-पज्याणा मोटर मार्गों से संबंधित दो सड़क परियोजनाओं पर क्रमशः 6.99 करोड़ और 5.60 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
34 करोड़ से अधिक की योजनाओं का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने 34.04 करोड़ रुपये की लागत से तैयार छह विकास कार्यों को जनता को समर्पित किया। इनमें 14.82 करोड़ रुपये की लागत से खजुरखाल-भण्डारीखोड़-कुनीगाड़ मोटर मार्ग के उच्चीकरण का कार्य प्रमुख है।
इसके साथ ही राजकीय इंटर कॉलेज गैरसैंण में 4.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ऑडिटोरियम भवन का लोकार्पण किया गया। सारकोट-भराड़ीसैंण मोटर मार्ग पर सुधार एवं डामरीकरण कार्य और कारगिल शहीद रणजीत सिंह (आगर-जिनगोड़) मोटर मार्ग के सुधार, डामरीकरण एवं नवीनीकरण कार्य भी जनता को समर्पित किए गए।
पुलिस और अग्निशमन सुविधाओं को मिलेगी मजबूती
गैरसैंण में कानून-व्यवस्था और आपदा से निपटने की तैयारियों को बेहतर बनाने के लिए 4.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित फायर यूनिट भवन और 4.24 करोड़ रुपये की लागत से बने थाना गैरसैंण भवन का भी लोकार्पण किया गया।
इन परियोजनाओं से क्षेत्र में अग्निशमन सेवाओं और पुलिस व्यवस्था को बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिलेंगी। वहीं, सड़क सुधार कार्यों से आवागमन सुगम होने और शिक्षण संस्थानों की सुविधाओं में विस्तार होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत, भरत चौधरी, स्थानीय विधायक अनिल नौटियाल, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री द्वारा शुरू की गई इन परियोजनाओं का उद्देश्य गैरसैंण और आसपास के क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना तथा स्थानीय लोगों को बेहतर पेयजल, सड़क, शिक्षा और सुरक्षा संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।