
चांदहट थाना पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, मारपीट, तोड़फोड़ व चोरी मामले में करीब 7 साल से फरार चल रही उद्घोषित(PO)महिला आरोपी को किया गिरफ्तार
Aonenews अरविन्द बक्शी
पुलिस अधीक्षक पलवल दीप्ति गर्ग, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशों के तहत जिला पुलिस द्वारा उद्घोषित अपराधियों (पीओ) तथा लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना चांदहट पुलिस को एक अहम कामयाबी हासिल हुई है। पुलिस टीम ने वर्ष 2019 से दर्ज घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ व चोरी के मामले में फरार चल रही अदालत द्वारा घोषित पीओ महिला आरोपी रुक्की को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
चांदहट थाना प्रभारी निरीक्षक अश्वनी कुमार से प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता श्रीमति आसमा निवासी गांव घाघोट ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 23 मई 2018 को हुए आपसी विवाद की रंजिश के चलते आरोपियों ने रात के समय लाठी-डंडों व हथियारों से लैस होकर उनके घर में घुसकर लूटपाट व तोड़फोड़ की थी। आरोपियों द्वारा घरों का सामान, नकदी, जेवरात, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण आदि ले गए थे तथा विरोध करने पर महिलाओं के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी गई थी। इस संबंध में थाना चांदहट में जांच उपरांत मुकदमा दर्ज किया गया था।
*अदालत द्वारा घोषित की गई थी उद्घोषित अपराधी (पीओ):*
मुकदमा दर्ज होने के उपरांत जहां कुछ आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर चालान अदालत में पेश किया जा चुका था, वहीं अन्य आरोपी लगातार अपनी गिरफ्तारी से बचते हुए फरार चल रहे थे। माननीय अदालत जेएमआईसी पलवल द्वारा आरोपियों के गिरफ्तारी वारंट व उद्घोषणा प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिनांक 12 अक्टूबर 2021 को रुक्की सहित अन्य आरोपियों को उद्घोषित अपराधी (पीओ) घोषित किया गया था।
थाना चांदहट पुलिस की जांच टीम के जांच अधिकारी एएसआई मानसिंह द्वारा लगातार की गई तकनीकी व गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी रुक्की पत्नी मजीद निवासी घाघोट, थाना चांदहट, जिला पलवल को नियमानुसार गिरफ्तार किया गया। अपराध में संलिप्त किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और मामले में निष्पक्ष एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।