
मंडी में कंगना रनौत का चिल्लाना, जयराम ठाकुर की विफलता पर निशाना
जोगिंदर नगर/उमेश कुमार।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव राकेश चौहान ने मंडी सांसद कंगना रनौत द्वारा अधिकारियों और कर्मचारियों पर काम में लापरवाही के आरोप लगाए जाने को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर निशाना साधा है।
चौहान ने कहा कि यदि सांसद के आरोप सही हैं और मंडी जिले में प्रशासनिक व्यवस्था इतनी खराब है, तो जयराम ठाकुर ने अपने लंबे प्रशासनिक अनुभव के बावजूद इन मुद्दों को विधानसभा में प्रमुखता से क्यों नहीं उठाया। उन्होंने सवाल किया कि विकास कार्यों में देरी और जनसमस्याओं के लंबित रहने पर अधिकारियों की जवाबदेही क्यों तय नहीं की गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के भीतर मंडी को लेकर राजनीतिक प्रतिस्पर्धा का खामियाजा कहीं जनता को तो नहीं भुगतना पड़ रहा है। चौहान ने कहा कि सांसद और नेता प्रतिपक्ष को आरोप-प्रत्यारोप के बजाय मंडी की समस्याओं पर मिलकर आवाज उठानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि “मंडी की जनता को चिल्लाने वाली राजनीति नहीं, बल्कि काम करने वाली राजनीति चाहिए।” चौहान ने दोनों नेताओं से मंडी के विकास में आ रही बाधाओं और उनकी जिम्मेदारी को लेकर जनता के सामने स्पष्ट जवाब देने की मांग की।