
मनमोहन सिंह बने कुल्लू के नए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक
साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन मंडी से हुआ तबादला,
लाहौल के नालडा गांव के रहने वाले हैं मनमोहन सिंह
शिमला, 10 अगस्त।
हिमाचल प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में फेरबदल करते हुए एचपीपीएस अधिकारी डाॅ. मनमोहन सिंह को कुल्लू जिले का नया अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया है। सरकार की ओर से जारी स्थानांतरण आदेशों के अनुसार वर्ष 2008 बैच के एचपीपीएस अधिकारी मनमोहन सिंह अब तक साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, मंडी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर सेवाएं दे रहे थे।
अब उनका तबादला कर उन्हें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, कुल्लू के पद पर तैनाती दी गई है। उनकी नई जिम्मेदारी के तहत कुल्लू जिले में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस प्रशासन से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों की निगरानी में उनकी अहम भूमिका रहेगी।
डाॅ. मनमोहन सिंह मूल रूप से लाहौल-स्पीति जिले के नालडा गांव के रहने वाले हैं। उनकी कुल्लू में तैनाती की जानकारी मिलने के बाद लाहौल-स्पीति क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। साइबर अपराध के क्षेत्र में भी काम करने का उनका अनुभव कुल्लू पुलिस के लिए उपयोगी माना जा रहा है।
पुलिस विभाग को उम्मीद है कि डाॅ. मनमोहन सिंह के प्रशासनिक अनुभव और कार्यकुशलता से कुल्लू जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के साथ-साथ साइबर अपराध से जुड़े मामलों से निपटने में भी मदद मिलेगी।
Kullu, Kullu | Aug 10, 2026