
मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम शहर को पूरी तरह साफ-सुथरा, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने अब आर-पार के मूड में बेहद कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। शहर में गंदगी फैलाने और नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ नगर पालिका द्वारा अब तक का सबसे बड़ा और सख्त एक्शन लिया गया है। सीएमओ वैभव देशमुख और सेनेटरी अधिकारी अनुराग तिवारी के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने अलसुबह ही सड़कों पर उतरकर ताबड़तोड़ चालानी कार्रवाई को अंजाम दिया। सड़क पर अवैध रूप से कब्जा जमाकर सामान फैलाने और जगह-जगह कचरा बिखेरने वालों में इस सख्त कार्रवाई के बाद हड़कंप मच गया है।
इस विशेष अभियान के दौरान प्रशासन ने किसी भी बड़े या नामचीन प्रतिष्ठान को नहीं बख्शा। शहर की जानी-मानी होटल जीआरवी, मैंगो मेनिया, घमंडी लस्सी और रिलायंस सुपर बाजार सहित दर्जनों बड़ी दुकानों पर मौके पर ही भारी-भरकम चालान बनाए गए। नगर पालिका के इस कड़े तेवर से पूरे व्यावसायिक जगत में खलबली मची हुई है और अब तक डेढ़ लाख रुपये से अधिक की भारी जुर्माना राशि वसूल की जा चुकी है।
सीएमओ वैभव देशमुख ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि शहर में लगातार गंदगी और कचरे के ढेर लगने की शिकायतें मिल रही थीं। आम जनता की सुविधा और शहर की स्वच्छता को सर्वोपरि रखते हुए, नगर पालिका की टीम ने पहले खुद सुबह उठकर सभी दुकानों के सामने लगे कचरे के ढेरों की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की थी। दुकानदारों से बार-बार अपील की गई थी कि वे अपना कचरा सड़क पर न फेंककर केवल नगर पालिका की कचरा गाड़ी में ही डालें। बावजूद इसके, जब मनमाने दुकानदारों ने अपनी आदत नहीं बदली, तो अधिकारियों ने सीधे मैदान संभाल लिया और रंगे हाथ कचरा फैलाते पकड़कर बिना किसी नरमी के ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी।
जाँच के दौरान सबसे बड़ी हैरानी तब हुई जब घमंडी लस्सी और मैंगो मेनिया जैसी प्रसिद्ध दुकानों पर कमर्शियल की जगह घरेलू गैस सिलेंडर का अवैध इस्तेमाल होते पकड़ा गया। इस गंभीर अनियमितता पर सीएमओ ने तुरंत संज्ञान लेते हुए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को औपचारिक शिकायत दर्ज करा दी है, जिससे इन प्रतिष्ठानों पर अब और बड़ा कानूनी शिकंजा कसना तय माना जा रहा है। प्रशासन ने दो टूक चेतावनी दी है कि शहर की व्यवस्था बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
#NarmadapuramNews #NagarPalikaNarmadapuram #MadhyaPradesh #SwachhBharat #MPNews #GhamandiLassi #LocalAdministration