
ट्रक के सामने कूदकर युवक ने दी जान, पत्नी के प्रेम प्रसंग से आहत होने की आशंका
हरदोई। माधौगंज थाना क्षेत्र के लखनपुर गांव में एक युवक ने कथित रूप से ट्रक के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पारिवारिक विवाद और प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान 25 वर्षीय चंद्र प्रकाश पुत्र रामशंकर निवासी ग्राम लखनपुर, थाना माधौगंज के रूप में हुई है। जांच में पता चला कि चंद्र प्रकाश अपनी पत्नी के साथ लुधियाना में रहकर काम करता था। वहीं उसका रिश्तेदार राहुल पुत्र प्रकाश निवासी ग्राम बोचनपुर, थाना माधौगंज भी पास में कमरा लेकर रहता था।
पुलिस के अनुसार लुधियाना में रहने के दौरान मृतक की पत्नी और राहुल के बीच प्रेम संबंध हो गए थे। इसके बाद चंद्र प्रकाश अपनी पत्नी को लेकर गांव वापस आ गया। बाद में उसकी पत्नी ने राहुल के विरुद्ध शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाते हुए थाना माधौगंज में तहरीर दी, जिसके आधार पर राहुल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान मृतक की पत्नी ने अपने बयान में पति के साथ रहने से इनकार करते हुए राहुल के साथ जाने की इच्छा जताई। प्रारंभिक जांच में इसी बात से आहत होकर चंद्र प्रकाश द्वारा ट्रक के सामने कूदकर आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है।
माधौगंज पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी बिलग्राम राम सूरत सोनकर ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
Bilgram, Hardoi | Jun 25, 2026