
तेज जल प्रवाह में गहरे पानी में पहुँचे युवक का होमगार्ड के जवानों ने सुरक्षित रेस्क्यू किया
---
ओंकारेश्वर के ब्रह्मपुरी घाट पर त्वरित कार्रवाई से संभावित हादसा टला
---
ओंकारेश्वर स्थित ब्रह्मपुरी घाट पर सोमवार को स्नान के दौरान तेज जल प्रवाह के कारण गहरे पानी में डूबते एक युवक को होमगार्ड के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। सही समय पर की गई इस कार्रवाई से एक संभावित हादसा टल गया।
खंडवा निवासी 24 वर्षीय यश अपने 4–5 दोस्तों के साथ ओंकारेश्वर दर्शन एवं स्नान के लिए ब्रह्मपुरी घाट पहुँचे थे। घाट पर तैनात एसडीईआरएफ एवं होमगार्ड जवानों द्वारा लगातार लाउड स्पीकर के माध्यम से श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान पर ही स्नान करने तथा निर्धारित सीमा से आगे नहीं जाने की समझाइश दी जा रही थी। डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट आशीष कुमार कुशवाहा ने बताया कि इसी दौरान यश अचानक तेज जल प्रवाह की चपेट में आकर गहरे पानी में चले गए और बहते हुए गहरे पानी में लगी रेलिंग के पास पहुँच गए, जहाँ से उनके लिए स्वयं वापस किनारे पर आना संभव नहीं था। स्थिति को देखते हुए पेट्रोलिंग बोट पर तैनात एसडीईआरएफ एवं होमगार्ड जवान अमन एवं रविन्द्र ने तत्काल बचाव कार्रवाई करते हुए मोटर बोट से युवक को सुरक्षित रूप से पानी से बाहर निकाला।
डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट श्री आशीष कुशवाह ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि जल क्षेत्र में सुरक्षा के लिए तैनात जवानों के निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें। रेड मार्किंग एवं निर्धारित सुरक्षित सीमा से बाहर जाकर स्नान न करें तथा तेज जल प्रवाह वाले अथवा गहरे पानी के स्थानों पर जाने का प्रयास बिल्कुल न करें।
Jansampark Madhya Pradesh
General Administration Department, MP
Home Department of Madhya Pradesh
Department of Culture, Madhya Pradesh
SP Khandwa
#khandwa