
पलवल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सीआईए स्टाफ होडल ने 50.53 ग्राम हेरोइन (स्मैक) सहित नशा तस्कर धरा।
Aonenews अरविन्द बक्शी
नशा तस्करों के लिए जिला में कोई स्थान नहीं, पलवल पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ आगे भी इस प्रकार की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रखेगी-दीप्ति गर्ग,एसपी पलवल।
पुलिस अधीक्षक पलवल दीप्ति गर्ग, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन में जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए स्टाफ होडल की टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए नशीले पदार्थ हेरोइन (स्मैक) की तस्करी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
सीआईए स्टाफ होडल प्रभारी P SI अमित कुमार से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 07.09.2026 को ASI सिराजुद्दीन अपनी टीम के साथ गहलव कोडल मोड पर मौजूद थे। उसी दौरान मुखबिर खास ने सूचना दी कि नवील पुत्र अमीर निवासी गांव सुनारी, थाना तावडू, जिला नूंह अवैध रूप से स्मैक/हेरोइन बेचने का धंधा करता है और आज भी हथीन से होते हुए गांव गुराकसर में अपनी मोटरसाइकिल सीडी डीलक्स पर आ रहा है, जिसके कब्जे में भारी मात्रा में नशीला पदार्थ है।
सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम ने हथीन- अन्धोला बाईपास पर नाकाबंदी की। कुछ समय बाद बताए गए हुलिए की मोटरसाइकिल पर एक युवक आता दिखाई दिया, जिसे पुलिस पार्टी ने रोकने का इशारा किया तो वह मोटरसाइकिल को वापस मोड़कर भागने की कोशिश करने लगा, जिसे पुलिस टीम ने मुस्तैदी से काबू कर लिया। पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम नवील पुत्र अमीर उपरोक्त बतलाया।
नियमानुसार मौके पर राजपत्रित अधिकारी या मजिस्ट्रेट के समक्ष तलाशी कराए जाने के विकल्प की जानकारी देने पर आरोपी ने राजपत्रित अधिकारी के समक्ष तलाशी देने की इच्छा व्यक्त की। इसके पश्चात मौके पर डयूटी मजिस्ट्रेट एसडीओ पीडब्ल्यूडी हथीन, विपिन व्यास को बुलाया गया। डयूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपी नवील के कब्जे से कुल 50.53 ग्राम हेरोइन/स्मैक बरामद हुई।
बरामदशुदा नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना हथीन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जा रही है ताकि तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सोर्स और तस्करों के ठिकानों का खुलासा किया जा सके।
वहीं कार्यवाही पर पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग IPS ने कहा कि नशा तस्करों के लिए जिला में कोई स्थान नहीं, पलवल पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ आगे भी इस प्रकार की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रखेगी।