
हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष श्रीमती सुमन सैनी ने कहा की छठ पूजा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आस्था, अनुशासन, त्याग, समर्पण और प्रकृति के प्रति सम्मान का महापर्व है। यह पर्व हमें सिखाता है कि प्रकृति ही हमारे जीवन का आधार है और उसके प्रति कृतज्ञ रहना हमारा परम कर्तव्य है।
श्रीमती सुमन सैनी ने यह बात आज छठ पूजा समिति, पंचकूला द्वारा सेक्टर-21 स्थित छठ पूजा घाट पर आयोजित छठ महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कही। इस अवसर पर उन्होंने आस्था के महापर्व छठ पूजा की सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।
इससे पूर्व, श्रीमती सुमन सैनी ने छठी मैया की विधिवत पूजा-अर्चना की तथा घाट पर अस्ताचलगामी सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित कर सभी के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
श्रीमती सुमन सैनी ने कहा कि भारत पर्वों और उत्सवों का देश है। हमारे यहां प्रत्येक पर्व के पीछे कोई न कोई महान आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संदेश छिपा होता है। छठ पूजा भी हमारी उसी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का एक अनुपम उदाहरण है।भगवान सूर्य समस्त जीव-जगत के लिए ऊर्जा और जीवन के प्रमुख स्रोत हैं। सूर्य की किरणें हमें प्रकाश देती हैं, ऊर्जा प्रदान करती हैं और जीवन को गतिशील बनाती हैं। छठ पूजा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें हम अस्त होते सूर्य और उदय होते सूर्य, दोनों को अर्घ्य अर्पित करते हैं।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व का विशेष संबंध हमारी मातृशक्ति से भी है। इस पर्व में हमारी माताएं और बहनें अपने परिवार, संतान और समाज की सुख-समृद्धि के लिए कठिन व्रत रखती हैं। निर्जला उपवास, शुद्धता, संयम और अटूट श्रद्धा के साथ किया जाने वाला यह अनुष्ठान हमारी नारीशक्ति के अद्भुत संकल्प और त्याग का प्रतीक है। हमारी भारतीय संस्कृति में नारी को शक्ति, ममता, संस्कार और सृजन का स्वरूप माना गया है। एक मां न केवल अपने परिवार को संवारती है, बल्कि अपनी संतान को अच्छे संस्कार देकर एक सशक्त समाज और राष्ट्र के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान देती है। जिस समाज में मातृशक्ति का सम्मान होता है, वहां सुख, समृद्धि और संस्कारों का वास होता है।
पंचकूला की हर बड़ी खबर के लिए Follow करें।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia