
डोडा चूरा तस्करी का वांछित आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने कसा शिकंजा
27.228 किलो डोडा चूरा बरामदगी के मामले में लंबे समय से था वांछित, नाकाबंदी में पकड़े गए दो आरोपियों की निशानदेही पर हुई कार्रवाई
भीलवाडा (महेन्द्र नागौरी)
अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में मंगरोप थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डोडा चूरा तस्करी के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शोभालाल उर्फ शोभू पुत्र रमेश्वर लाल जाट, उम्र 25 वर्ष, निवासी बन का खेड़ा, थाना बदलियास, जिला भीलवाड़ा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 24 जून 2026 को बदलियास थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान हर्षित पारीक (21), निवासी नंदराय थाना कोटड़ी तथा आर्यन चावड़िया (20), निवासी मानपुरा थाना मांडलगढ़ को हिरासत में लिया था। इनके कब्जे से आरजे-14-सीजे-6136 नंबर की आई-20 कार में दो प्लास्टिक कट्टों से 27.228 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ था।
मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण संख्या 147/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में सामने आया कि बरामद डोडा चूरा का प्राप्तकर्ता एवं तस्करी में एस्कॉर्ट की भूमिका निभाने वाला शोभालाल उर्फ शोभू भी मामले में वांछित है।
पुलिस टीम ने उसकी तलाश में लगातार दबिशें दीं। आखिरकार 22 अगस्त 2026 को उसे डिटेन कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब आरोपी से मादक पदार्थ की सप्लाई चेन और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा आईपीएस के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य और उप अधीक्षक अंजली सिंह के निकटतम सुपरविजन में गठित टीम ने की। टीम में मंगरोप थाना प्रभारी सुरेन्द्र सिंह राठौड़ सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।