
आर्थिक अपराध शाखा की टीम ने आस्ट्रेलिया का स्टडी व टूरिस्ट वीजा लगवाने के नाम पर युवती और उसके परिवार से धोखाधड़ी करने के आरोप में एक आरोपी को किया गिरफ्तार।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में कार्य करते हुए आर्थिक अपराध शाखा की टीम ने आस्ट्रेलिया का स्टडी व टूरिस्ट वीजा लगवाने के नाम पर युवती और उसके परिवार से धोखाधड़ी करने के आरोप में पंजाब के जिला मोहाली के खूनी माजरा निवासी गुरप्रीत सिंह को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया गया है।
इंचार्ज मनजीत ने बताया कि गांव ककड़ौनी निवासी रंजीता ने शिकायत में बताया था कि गुरप्रीत सिंह ने उसे ऑस्ट्रेलिया भेजने के लिए स्टडी व टूरिस्ट वीजा लगवाने का भरोसा दिया था। इसके लिए उसने करीब 30 लाख रुपये खर्च होने की बात कही। आरोपी ने परिवार से अलग-अलग किस्तों में नकदी और बैंक खातों के माध्यम से रकम प्राप्त की। शिकायत के अनुसार, 10 जनवरी 2024 को परिवार ने करीब 14 लाख रुपये नकद दिए थे। इसके अलावा बैंक खातों से भी छह लाख 85 हजार रुपये आरोपी के खाते में भेजे गए। आरोप है कि आरोपी ने करीब सात महीने तक वीजा नहीं लगवाया। इसके बाद उसने इंग्लैंड भेजने का झांसा दिया और फाइल करनाल से लगवाने की बात कही। बाद में फीस रिफंड कराने के नाम पर भी टालमटोल करता रहा। रुपये मांगने पर धमकी दी। इस मामले में थाना साढौरा में 19 फरवरी 2026 को धोखाधड़ी और इमिग्रेशन एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया गया था। जिसके बाद से ही आर्थिक अपराध शाखा तफ्तीश कर रही थी। तफ्तीश करते हुए अब आरोपी को पंजाब के मानसा जिले से गिरफ्तार किया गया। आरोपी से एक लाख रुपये की नकदी बरामद की गई है।
Haryana, India | Nov 2, 2026