
नशामुक्त भारत अभियान अंतर्गत जिला स्तरीय मास्टर वॉलिंटियर प्रशिक्षण संपन्न
नशा मुक्ति के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने एवं सामाजिक सहभागिता को सशक्त बनाने पर दिया गया जोर
सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के निर्देशन में संचालित नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार, आगर में मास्टर वॉलिंटियर्स हेतु एक दिवसीय जिला स्तरीय नशामुक्ति जन-जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज को नशे की लत से मुक्त कराने तथा जन-जागरूकता गतिविधियों के प्रभावी संचालन के लिए मास्टर वॉलिंटियर्स को प्रशिक्षित करना था।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में म.प्र. जल एवं भूमि प्रबंध संस्थान (वाल्मी), भोपाल से पधारे राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर श्री रजत नागदा द्वारा नशा मुक्ति अभियान की अवधारणा, समुदाय आधारित जागरूकता गतिविधियों तथा जनसहभागिता के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. राहुल गौर ने नशे के शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला। ब्रह्माकुमारी संस्था की किरण दीदी ने सकारात्मक जीवन मूल्यों एवं आत्मिक सशक्तिकरण के माध्यम से नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया। वहीं एल्कोहलिक एनोनिमस, उज्जैन के सदस्य श्री अरुण जोशी ने अपने अनुभव साझा करते हुए नशे से मुक्ति की प्रेरणादायक जानकारी प्रतिभागियों को दी।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को नशामुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों, जन-जागरूकता कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन, समुदाय स्तर पर संवाद स्थापित करने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने संबंधी विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं मास्टर वॉलिंटियर्स उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के माध्यम से नशामुक्त भारत अभियान को जन-आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने तथा समाज में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
#आगरमालवा
#agarmalwa
Dr Mohan Yadav
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh