
महादेव खोह को स्वच्छ बनाने के लिए चला विशेष सफाई अभियान
रोहतास जिले के नौहट्टा प्रखंड क्षेत्र में कैमूर पहाड़ियों की गोद में स्थित प्रसिद्ध धार्मिक एवं प्राकृतिक पर्यटन स्थल महादेव खोह में रविवार को व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। सावन मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने से मंदिर परिसर एवं आसपास के मेला क्षेत्र में काफी मात्रा में कचरा जमा हो गया था, जिससे इस खूबसूरत प्राकृतिक स्थल की सुंदरता प्रभावित हो रही थी।
महादेव खोह समिति के सचिव राधासूत सिन्हा द्वारा शनिवार को सोशल मीडिया के माध्यम से सफाई की अपील किए जाने के बाद स्थानीय युवा, समिति सदस्य, पत्रकार एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सफाई अभियान के लिए आगे आए।
वहीं जिलाधिकारी रोहतास के निर्देश पर नगर पंचायत रोहतास ने भी पहल करते हुए अपने स्वच्छता कर्मियों को महादेव खोह भेजा। सफाई कर्मियों एवं स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से मंदिर परिसर और आसपास फैली गंदगी को साफ किया गया।
नगर पंचायत रोहतास के कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक भारती ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर कर्मियों को भेजकर महादेव खोह परिसर की साफ-सफाई कराई गई है।
महादेव खोह समिति के सचिव राधासूत सिन्हा ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की कि यह सिर्फ एक धार्मिक स्थल ही नहीं बल्कि हमारी प्राकृतिक धरोहर भी है। यहां आने वाला हर व्यक्ति स्वच्छता का ध्यान रखे और प्लास्टिक अथवा अन्य कचरा इधर-उधर न फेंके।
🙏 आइए, धार्मिक आस्था के साथ अपनी प्राकृतिक धरोहर को स्वच्छ रखने का संकल्प लें।
#महादेव_खोह #रोहतास #नौहट्टा #कैमूर_पहाड़ी #स्वच्छता_अभियान #नगर_पंचायत_रोहतास #सफाई_अभियान #पर्यटन #धार्मिक_स्थल #अपना_रोहतास #Rohtas #Nauhatta #MahadevKhoh #SwachhBharat #CleanlinessDrive #BiharTourism #SocialMediaInfluencer