
चंबा में मिड डे मील वर्कर यूनियन का प्रथम सम्मेलन संपन्न, 25 सदस्यीय कमेटी गठित
दलविंद्र अध्यक्ष और सविता महासचिव चुनी गईं, सरकारी कर्मचारी का दर्जा और 26 हजार न्यूनतम वेतन की मांग उठाई
चंबा, 10 नवंबर।
मिड डे मील वर्कर यूनियन ब्लॉक चंबा का प्रथम ब्लॉक सम्मेलन मंगलवार को सीटू जिला कार्यालय बालू में आयोजित किया गया। सम्मेलन में मिड डे मील वर्कर्स की समस्याओं, अधिकारों और लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।
सम्मेलन में 25 सदस्यीय ब्लॉक कमेटी का गठन किया गया। इसमें दलविंद्र को अध्यक्ष तथा सविता को महासचिव चुना गया।
सम्मेलन का उद्घाटन सीटू जिला अध्यक्ष नरेंद्र ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मिड डे मील वर्कर्स स्कूलों में बच्चों को भोजन उपलब्ध करवाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रही हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें बेहद कम मानदेय पर काम करना पड़ रहा है। वर्षों से काम करने के बावजूद उन्हें नियमित कर्मचारी का दर्जा, सामाजिक सुरक्षा और सम्मानजनक वेतन जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें मिड डे मील वर्कर्स की समस्याओं को गंभीरता से लें तथा उनकी मांगों का समाधान करें। उन्होंने बताया कि 1, 2 और 3 दिसंबर 2026 को दिल्ली में देशभर के मजदूर और योजना कर्मी अपनी मांगों को लेकर केंद्र सरकार का घेराव करेंगे। हिमाचल प्रदेश से भी मिड डे मील वर्कर्स इस आंदोलन में भाग लेंगी।
सम्मेलन में प्रमुख रूप से ये मांगें उठाई गईं -
मिड डे मील वर्कर्स को सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिया जाए, न्यूनतम वेतन 26,000 रुपये प्रतिमाह लागू किया जाए, 12 महीने का वेतन दिया जाए, सेवानिवृत्ति पर 5 लाख रुपये की एकमुश्त राशि तथा 6,000 रुपये मासिक पेंशन दी जाए, सभी वर्कर्स को ईपीएफ, ईएसआई तथा अन्य सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं दी जाएं, मिड डे मील योजना का निजीकरण एवं ठेकाकरण बंद किया जाए तथा क्लस्टर किचन व्यवस्था लागू करने का फैसला वापस लिया जाए, योजना में 25 बच्चों की शर्त को समाप्त किया जाए तथा किसी भी वर्कर को काम से न हटाया जाए।
सम्मेलन में वक्ताओं ने कहा कि मिड डे मील वर्कर्स लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रही हैं। सरकारों को इनकी मेहनत और योगदान को देखते हुए ठोस निर्णय लेने चाहिए।
सम्मेलन ने सभी वर्कर्स से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और दिल्ली में होने वाले आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। साथ ही संकल्प लिया कि मिड डे मील वर्कर्स के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई को संगठित रूप से आगे बढ़ाया जाएगा।
Chamba, Chamba | Nov 10, 2026