
घोघरडीहा में फर्जी पासपोर्ट और अवैध वीजा गिरोह का पर्दाफाश, 62 पासपोर्ट के साथ 4 गिरफ्तार
मधुबनी: घोघरडीहा थाना पुलिस ने फर्जी पासपोर्ट और अवैध विदेशी वीजा से जुड़े गिरोह का पर्दाफाश करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, रूस और खाड़ी देशों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से पैसे ठगने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 6/7 सितंबर की मध्यरात्रि करीब 2 बजे हनुमान चौक के पास वाहन जांच के दौरान बाइक सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। घेराबंदी कर मो. इरशाद और रफी अहमद को पकड़ा गया। तलाशी में काले बैग से विभिन्न राज्यों और जिलों से जारी 62 मूल पासपोर्ट, 5 खाली डाक लिफाफे और 2 मोबाइल बरामद किए गए।
पूछताछ के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर गिरोह के कथित मुख्य सरगना मो. आरजू और ग्रामीण डाक सेवक मो. अदनान हुसैन को भी गिरफ्तार किया। पुलिस का आरोप है कि वर्ष 2024 से नौकरी का झांसा देकर पासपोर्ट मंगाए जाते थे और प्रति पासपोर्ट करीब 2 लाख रुपये लेकर टूरिस्ट वीजा के जरिए लोगों को विदेश भेजने का काम किया जाता था।
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, पटना और कानपुर से जुड़े एजेंटों की गिरफ्तारी के लिए भी आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बरामदगी: 62 पासपोर्ट, 1 मोटरसाइकिल, 4 मोबाइल फोन और 5 डाक लिफाफे।
#Newskosisanchar11 #deshhitsamachar11 #nonfollowersviewers #viralreels @highlight