
चंबा मेडिकल कॉलेज के हालात चिंताजनक, एक बेड पर दो-दो मरीज; फीमेल वार्ड की बदहाल व्यवस्था पर उठे सवाल।
चंबा।
पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय चंबा की व्यवस्थाओं को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े होने लगे हैं। अस्पताल के फीमेल वार्ड में मरीजों की बढ़ती संख्या के बीच व्यवस्था चरमराती नजर आ रही है। हालात ऐसे हैं कि कई मरीजों को एक ही बेड पर दो-दो लोगों के साथ रहने को मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अस्पताल में उपचार के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचने वाली महिलाओं को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। वार्ड में बेड की कमी के कारण मरीजों को असुविधाजनक परिस्थितियों में उपचार करवाना पड़ रहा है। परिजनों का कहना है कि मेडिकल कॉलेज में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन सुविधाओं का विस्तार उसी अनुपात में नहीं हो पाया है।
स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन से मांग की है कि फीमेल वार्ड में अतिरिक्त बेड की व्यवस्था की जाए तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं। उनका कहना है कि मेडिकल कॉलेज जिले का सबसे बड़ा स्वास्थ्य संस्थान है, ऐसे में यहां बेहतर प्रबंधन और पर्याप्त संसाधन उपलब्ध होना जरूरी है।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो मरीजों की परेशानियां और बढ़ सकती हैं। अब देखना यह होगा कि अस्पताल प्रशासन इस गंभीर समस्या को लेकर क्या कदम उठाता है और मरीजों को राहत दिलाने के लिए क्या व्यवस्था करता है।
#Medical #College #Chamba #Himachal #Pradesh #post #highlight
Chamba, Chamba | Sep 10, 2026