
चित्तोड़ जिले में गांवों में भाजपा को जनता ने दिखाया आईना, पस से लेकर जिप तक भाजपा का सूपड़ा साफ।
कोंग्रेस ने जिप में 35 में से 28, पस में 11 में से 7 पर किया कब्जा।
दैनिक वीरधरा राजस्थान।
चित्तौड़गढ़। प्रदेश सहित चित्तौड़गढ़ जिले में शुक्रवार को जिला परिषद व पस के जो परिणाम आये सभी को चोंका दिया यही नही भाजपा के पैरों तले जमीन खिसका दी।
चित्तौड़गढ़ जिले में जिला परिषद की 35 सीटों में से कोंग्रेस ने 28 सीटों पर परचम लहराया वही सत्ता में होने और जिले से एक मंत्री एक पूर्व केबिनेट मंत्री और एक पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष जैसे कद्दावर नेता होने के बावजूद भाजपा को 7 सीटो पर समेट दिया।
चित्तौड़गढ़ में भाजपा को कार्यकर्ताओं को दरकिनार करना महंगा पड़ा, कांग्रेस को जिलाध्यक्ष को साइड करने का मिला फायदा
जिले में हुए स्थानीय चुनाव परिणामों ने दोनों ही बड़े दलों के लिए बड़ा संदेश दिया है। 35 वार्डों के आए परिणामों पर गौर करें तो तस्वीर साफ है कांग्रेस ने 28 सीटों पर कब्जा जमाया, जबकि भाजपा को महज 7 सीटों पर समेट दिया। इस हार-जीत के पीछे की दो बड़ी वजहें अब खुलकर सामने आ रही हैं।
पहली भाजपा में कार्यकर्ता नाराज, नेताओं की मनमानी पड़ी भारी
भाजपा में इस बार टिकट वितरण से लेकर प्रचार तक में ओर इससे पूर्व भी जमीनी कार्यकर्ताओं को दरकिनार कर दिया गया। बताया जा रहा है कि कई वार्डों में वर्षों से पार्टी के लिए काम कर रहे निष्ठावान कार्यकर्ताओं की जगह बाहरी और पैराशूट नेताओं को टिकट दे दिया गया, कही जगह बड़े नेताओं ने अपने परिवार के सदस्यों को उतारकर जमकर परिवारवाद किया जिससे नाराज जमीनी कार्यकर्ताओं ने आईना दिखा दिया। एक वरिष्ठ कार्यकर्ता ने नाम न छापने की शर्त पर बताया, "हमने बूथ संभाला, लेकिन मंच पर हमें जगह तक नहीं दी गई। परिणाम तो आना ही था।"
दूसरा कारण कांग्रेस का मास्टर स्ट्रोक - जिलाध्यक्ष को किया साइड, गुटबाजी खत्म
दूसरी तरफ कांग्रेस ने चुनाव से ठीक पहले बड़ा दांव खेला। पिछले कई चुनावों से गुटबाजी से जूझ रही कांग्रेस ने इस बार जिलाध्यक्ष को चुनावी प्रबंधन से साइड लाइन कर दिया और सामूहिक नेतृत्व को आगे किया। इसका सीधा फायदा हुआ कि सभी गुट एकजुट होकर मैदान में उतरे।
कांग्रेस ने पुराने चेहरों के साथ-साथ नए चेहरों पर भरोसा जताया, जिन्होंने बड़े अंतर से जीत हासिल की।
राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो कांग्रेस की यह जीत सिर्फ वोटों की नहीं, बल्कि मैनेजमेंट की जीत है। जिलाध्यक्ष को साइड करने से कार्यकर्ताओं में यह संदेश गया कि पार्टी अब व्यक्ति विशेष नहीं, बल्कि कार्यकर्ता को महत्व दे रही है, ओर जैसा चित्तौड़गढ़ ओर कपासन नगर निकाय चुनाव में खेल हुआ वैसा अब नही होगा तो इसी के चलते सब कार्यकर्ताओ व नेताओ ने एकजुट होकर चुनाव लड़े ओर धमाकेदार जीत दर्ज की।
इस परिणाम के बाद चित्तौड़गढ़ की राजनीति में नए समीकरण बनते दिख रहे हैं। भाजपा को अब अपने रूठे कार्यकर्ताओं को मनाना होगा, वहीं कांग्रेस के सामने इस एकजुटता को विधानसभा तक बनाए रखने की चुनौती होगी।
बद्री जगपुरा की इस चुनाव में बड़ी जीत साबित हुई
बद्री लाल जाट जगपुरा जो बड़ीसादड़ी विधानसभा से प्रत्याशी रहे थे और हार के बाद भी वो हारे नही ओर लगातार प्रयासरत रहे जिसका परिणाम है कि क्षेत्र से सहकारिता मंत्री गौतम दक उनके सामने होने के बावजूद बड़ीसादड़ी नगरपालिका जीती उसके बाद मंत्री दक को उन्ही के गांव डूंगला से सरपँच सीट तक नही निकालने दी, ओर अब जाट की पत्नी भी जिला परिषद चुनाव जीती यही नही बद्री जाट के प्रयास रंग लाए ओर कोंग्रेस बड़ीसादड़ी ओर डूंगला दोनों पंचायत सीमित में स्पष्ठ बहुमत पाने में सफल रहे।
पंचायत समितियों में भी भाजपा का सूपड़ा साफ
चित्तौड़गढ़ जिले की 11 पंचायत समितियों में से कोंग्रेस ने 7 पंचायत समितियों निम्बाहेड़ा, बड़ीसादड़ी, डूंगला, कपासन, बेंगु, भैंसरोडगढ़ व भूपालसागर में स्पष्ट बहुमत हासिल किया तो वही भाजपा को भदेसर में स्पष्ट तो वही गंगरार व राशमी में मात्र 1-1 सीट के अंतर से निकटतम बहुमत मिला। चित्तौड़गढ़ में अभी भी पेच फंसा हुआ है 29 सीट में भाजपा कोंग्रेस दोनों को 14-14 एवं एक सीट आरएलपी ने जीती, अब आरएलपी का समर्थन ही निर्णायक होगा।
कई बड़े चहरो को करना पड़ा हार का सामना जो बना चर्चा का विषय
इस चुनाव को कुछ हार ने भी रोचक बना दिया जिसमें वार्ड नम्बर 5 से भूमि विकास बैंक चेयरमैन कमलेश पुरोहित की पत्नी रति पुरोहित, वार्ड 4 से भाजपा जिलाध्यक्ष रतन गाडरी की बेटी सीमा गाडरी, वार्ड 10 से कपासन पूर्व प्रधान की बहू भाजपा प्रत्याशी भावना राणावत एवं वार्ड 17 से पूर्व उपजिला प्रमुख एवं पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष मिट्ठूलाल जाट की पुत्र वधु संतोष की हार की इस चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा रही।