
जहानाबाद के पखनपुर में 7.783 मेगावाट सौर संयंत्र का BSPGCL एमडी ने किया निरीक्षण
पीएम-कुसुम योजना से किसानों को मिल रही नियमित लीज आय, संयंत्र से प्रतिदिन 40 हजार यूनिट से अधिक बिजली का उत्पादन
जहानाबाद। बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड (BSPGCL) के प्रबंध निदेशक श्री विशाल राज ( भा. प्र. से.) ने शुक्रवार को जहानाबाद जिले के पखनपुर में पीएम-कुसुम योजना के तहत स्थापित 7.783 मेगावाट क्षमता वाले ग्रिड-कनेक्टेड सौर ऊर्जा संयंत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने संयंत्र के संचालन, उत्पादन और किसानों को हो रहे लाभ की जानकारी ली। यह संयंत्र बेहतर प्रदर्शन कर रहा है और प्रतिदिन 40 हजार यूनिट से अधिक बिजली का उत्पादन हो रहा है।विशाल राज ने संयंत्र से जुड़े किसानों से बातचीत कर भूमि पट्टा (लीज) भुगतान की स्थिति की जानकारी ली। किसानों को उनकी जमीन के लिए 40 हजार रुपये प्रति एकड़ प्रति वर्ष की दर से लीज रेंट का भुगतान किया जा रहा है।किसानों ने बताया कि उनकी कुछ जमीन लंबे समय से जलजमाव (Water Logging) की समस्या से प्रभावित थी। इसके कारण खेती करना मुश्किल था और फसल भी प्रभावित होती थी। अब इसी जमीन का सौर ऊर्जा उत्पादन के लिए उपयोग हो रहा है और किसानों को नियमित आय प्राप्त हो रही है।RESCO डेवलपर को समय पर मिल रहा भुगतान
पीएम-कुसुम योजना से किसानों के साथ-साथ RESCO डेवलपर को भी लाभ मिल रहा है। डेवलपर को परियोजना के तहत उत्पादित बिजली के एवज में लगभग 40 लाख रुपये प्रति माह का भुगतान वितरण कंपनियों की ओर से किया जा रहा है। समय पर भुगतान से परियोजना में निवेश करने वाले डेवलपर का भरोसा बढ़ा है।पखनपुर का 7.783 मेगावाट का सौर संयंत्र इस बात का उदाहरण है कि पीएम-कुसुम योजना के माध्यम से सौर ऊर्जा उत्पादन के साथ किसानों की अनुपयोगी भूमि को आय के स्थायी स्रोत में बदला जा सकता है। इससे राज्य में अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।