
डीसीपी अमरिंदर सिंह ने आर्थिक अपराध शाखा-1 व कालका थाने का किया निरीक्षण
मौके पर संबंधित एसीपी, प्रभारी व जांच अधिकारियों के साथ मीटिंग में कई अहम बिंदुओं पर चर्चा
संपत्ति एवं जमीन से जुड़े धोखाधड़ी के मामलों व एसआईटी गठित मामलों की फाइलें खंगाली, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और धोखाधड़ी की रकम की बरामदगी के निर्देश
कालका थाने में हथियारों से लेकर मालखाने और रिकॉर्ड रूम तक का लिया जायजा, पुलिसकर्मियों की दक्षता भी परखी
पंचकूला :- पंचकूला में पुलिस व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित, प्रभावी और जवाबदेह बनाने के साथ-साथ आमजन को बेहतर जनहित पुलिसिंग उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन द्वारा लगातार थाना, चौकी और अन्य महत्वपूर्ण पुलिस यूनिट्स का निरीक्षण किया जा रहा है। पुलिस कमिश्नर स्वयं मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं और उनके नेतृत्व में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी नियमित रूप से निरीक्षण कर पुलिस कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाने की दिशा में आवश्यक कदम उठा रहे हैं।
इसी क्रम में आज डीसीपी अमरिंदर सिंह ने आर्थिक अपराध शाखा-1 और कालका थाना का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की तथा लंबित मामलों की प्रगति की समीक्षा की।
डीसीपी अमरिंदर सिंह ने सबसे पहले सेक्टर-12, पंचकूला स्थित आर्थिक अपराध शाखा-1 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित एसीपी, शाखा प्रभारी और जांच अधिकारियों के साथ बैठक कर संपत्ति एवं जमीन से जुड़े विवादों में धोखाधड़ी के मामलों की फाइलों की विस्तार से समीक्षा की। विशेष रूप से 18 माह से लंबित मामलों सहित अन्य लंबित शिकायतों की जांच की स्थिति का जायजा लेते हुए उन्होंने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा धोखाधड़ी के मामलों में ठगी गई रकम की बरामदगी के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा एसआईटी द्वारा जांच किए जा रहे मामलों में भी प्राथमिकता के आधार पर तेजी से कार्रवाई करने को कहा।
इसके बाद डीसीपी ने कालका थाना का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने थाने में रखे हथियारों का निरीक्षण किया और पुलिसकर्मियों की दक्षता को भी परखा। साथ ही विभिन्न मामलों में जब्त वाहनों, रिकॉर्ड रूम और मालखाने का निरीक्षण कर रिकॉर्ड एवं व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीसीपी ने पुलिसकर्मियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि पंचकूला के सभी थानों, चौकियों और महत्वपूर्ण पुलिस यूनिट्स का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसका उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित, जवाबदेह और प्रभावी बनाना है, ताकि लंबित मामलों का समयबद्ध निपटारा हो और आमजन को बेहतर, पारदर्शी एवं जनहितकारी पुलिसिंग मिल सके। पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश हैं कि शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए लोगों को समय पर न्याय दिलाने की दिशा में काम करें।
इस अवसर पर एसीपी जोगेंद्र सिंह, कालका थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अजीत सिंह, आर्थिक अपराध शाखा-1 प्रभारी तजिंद्र पाल सिंह, जांच अधिकारी एवं संबंधित स्टाफ मौजूद रहा।
#panchkula #panchkulanews #panchkulasocialmedia