
विश्व पर्यावरण दिवस से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तक जिले में चलेगा विशेष अभियान
जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त
जिले में 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस से 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तक भारत सरकार एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विशेष अभियान संचालित किया जाएगा। मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशों के तहत आयोजित इस अभियान के सफल संचालन एवं विभिन्न गतिविधियों के समन्वय के लिए कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
जारी आदेश के अनुसार जिला पंचायत, राजस्व, कृषि, उद्यानिकी, आयुष, खेल एवं युवा कल्याण, उच्च शिक्षा, स्कूल शिक्षा, जनजातीय कार्य विभाग, नगरीय निकाय, जनपद पंचायत तथा लोक सेवा प्रबंधन विभाग को अभियान की विभिन्न गतिविधियों के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अभियान के दौरान जनहित एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 19 एवं 20 जून को जिले के दो स्थानों पर कृषि विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों तथा अनुभवी कृषकों के मार्गदर्शन में विशेष कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यशालाओं में किसानों को प्राकृतिक खेती की तकनीकों, लाभों एवं व्यवहारिक पहलुओं की जानकारी प्रदान की जाएगी।
इसी प्रकार 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले के सभी विकासखंडों एवं नगरीय निकायों में स्थानीय योग समूहों एवं संस्थाओं के सहयोग से सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। योग अभ्यास आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुरूप कराया जाएगा। आवश्यकता के अनुसार पूर्व प्रशिक्षण शिविर एवं जागरूकता गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा।
अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायों में संबंधित अधिकारियों को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं लोक सेवा प्रबंधन विभाग को सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों और शिकायतों का अभियान अवधि में शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शासन द्वारा निर्धारित गतिविधियों का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाया जाए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक खेती, स्वास्थ्य संवर्धन एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान जिले में व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा। कलेक्टर द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla
Department of Ayush, Madhya Pradesh