
भोपाल: कोसमी मामले में CM डॉ. मोहन यादव से मिले शिवराज सिंह चौहान, सीएम हाउस में हुई अहम बैठक
भोपाल। सीहोर जिले के बुधनी क्षेत्र के कोसमी गांव में आदिवासी परिवारों के मकान तोड़े जाने का मामला अब सरकार के स्तर तक पहुंच गया है। गुरुवार देर रात केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुख्यमंत्री निवास पर मुलाकात की। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित अन्य प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान कोसमी गांव में वन विभाग की कार्रवाई और प्रभावित आदिवासी परिवारों की समस्याओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मामले की गंभीरता से जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही, प्रभावित परिवारों की समस्याओं का आपसी संवाद के जरिए समाधान निकालने की बात कही।
गौरतलब है कि कोसमी में 12 आदिवासी परिवारों के मकान हटाए जाने और फसलों को नुकसान पहुंचने के विरोध में बड़ी संख्या में आदिवासी ग्रामीणों ने भोपाल की ओर पैदल मार्च शुरू किया था। बैठक के बाद आंदोलनकारियों ने सरकार से मिले आश्वासन के आधार पर भोपाल मार्च स्थगित करने पर सहमति जताई। अब मामले में जांच और प्रभावित परिवारों की मांगों पर सरकार के अगले कदम पर नजर रहेगी।