
प्रधानमंत्री किसान संपदा योजना के अंतर्गत कृषि उपज के भंडारण एवं प्रसंस्करण को मिलेगा बढ़ावा
---
कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय के निर्देशानुसार उप संचालक कृषि श्री मनोज कश्यप द्वारा बताया गया कि भारत सरकार के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय द्वारा संचालित सेंट्रल सेक्टर स्कीम प्रधानमंत्री किसान संपदा योजना (पीएमकेएसवाई) के अंतर्गत जिले में कृषि उपज के भंडारण एवं प्रसंस्करण को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न परियोजनाओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
योजना का उद्देश्य किसानों की उपज के नुकसान को कम करना, कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण को बढ़ावा देना तथा खेत से रिटेल बाजार तक मजबूत सप्लाई चेन विकसित करना है। इसके अंतर्गत Cold Chain Scheme के माध्यम से ऐसी परियोजनाओं को प्रोत्साहन दिया जाएगा, जिससे कृषि एवं बागवानी उत्पादों के संग्रहण, शीघ्र प्रसंस्करण, परिवहन एवं विपणन की बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके। इससे फसल कटाई के बाद होने वाले नुकसान को कम करने के साथ ही कृषि उत्पादों का बेहतर मूल्य प्राप्त होने की संभावना बढ़ेगी।
योजना के अंतर्गत Multi-Product Irradiation Unit की स्थापना के लिए सामान्य श्रेणी के लिए परियोजना लागत का 35 प्रतिशत तथा कठिन क्षेत्रों एवं एससी/एसटी/एफपीओ/एसएचजी आदि के लिए 50 प्रतिशत तक सहायता का प्रावधान है। परियोजना के लिए अधिकतम 10 करोड़ रुपये तक की सहायता प्राप्त की जा सकती है। इस योजना का लाभ किसान समूहों, एफपीओ, एफपीसी, एसएचजी, एनजीओ, पीएसयू, फर्म, कंपनियों तथा अन्य पात्र संस्थाओं द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार लिया जा सकता है।
भारत सरकार द्वारा योजना के अंतर्गत Expression of Interest (EOI) जारी किया गया है। इच्छुक पात्र संस्थाएं SAMPAda Portal के माध्यम से 31 अगस्त 2026 को शाम 5 बजे तक आवेदन प्रस्तुत कर सकती हैं। जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग ने जिले के किसानों, कृषक उत्पादक संगठनों तथा कृषि से जुड़े उद्यमियों से अपील की है कि वे योजना की जानकारी प्राप्त कर पात्रतानुसार आवेदन करें तथा कृषि उपज के भंडारण, प्रसंस्करण एवं विपणन की सुविधाओं का लाभ उठाएं।
#JansamparkMP
#jansampartikatikamgarh
#tikamgarh