
जिला परिषद कार्यालय में ‘जाम’ का वीडियो वायरल, प्रशासन में मचा हड़कंप।
सरकारी कार्यालय में कथित शराब पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, जांच के आदेश।
समस्तीपुर जिला परिषद कार्यालय से जुड़ा एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में कुछ लोग कार्यालय परिसर के एक कमरे में टेबल के चारों ओर बैठकर कथित रूप से शराब का सेवन करते दिखाई दे रहे हैं। टेबल पर शराब की बोतल और ग्लास भी नजर आ रहे हैं, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।
चर्चा है कि वीडियो में जिला परिषद कार्यालय से जुड़े कुछ कर्मी और एकाउंटेंट भी मौजूद हैं। बताया जा रहा है कि कार्यालय के ही किसी कर्मचारी ने पूरे घटनाक्रम का गुप्त रूप से वीडियो रिकॉर्ड किया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और सरकारी कार्यालयों में अनुशासन को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू है। ऐसे में यदि जांच में वीडियो की सत्यता साबित होती है और सरकारी कार्यालय के अंदर शराब सेवन की पुष्टि होती है, तो यह न केवल शराबबंदी कानून का उल्लंघन होगा बल्कि सरकारी सेवा आचरण नियमों के भी विपरीत माना जाएगा।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सूर्य प्रताप सिंह ने कहा कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है और इसकी जांच कराई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में वीडियो सही पाया जाता है और किसी कर्मचारी की संलिप्तता सामने आती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं जिला परिषद अध्यक्ष खुशबू कुमारी ने भी मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि वीडियो प्राप्त होने के बाद जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग को लेकर डीडीसी को पत्र भेजा गया है। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालय की गरिमा बनाए रखना सभी कर्मियों की जिम्मेदारी है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर जिला परिषद कार्यालय से लेकर प्रशासनिक गलियारों तक चर्चाओं का बाजार गर्म है। अब सभी की नजरें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो यह तय करेगी कि वायरल वीडियो में दिख रहा दृश्य वास्तविक है या इसके पीछे कोई और सच्चाई छिपी हुई है।
#Samastipur #BiharNews #ViralVideo #ZilaParishad #SamastipurNews #BreakingNews #BiharBreaking #LiquorBanBihar #ViralNews #Administration #DDC #KhushbooKumari #GovernmentOffice #LatestNews #BiharUpdate #ExclusiveNews #StreamBihar #TrendingNews #SamastipurBreaking #NewsUpdate