
पिपलियामंडी पुलिस ने पानी की पनडुब्बी मोटर चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई मोटर बरामद की है। पुलिस के अनुसार बरामद मोटर की कीमत करीब 10 हजार रुपये है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 2 अक्टूबर 2026 को गोविंद पिता बंशीलाल पोरवाल, निवासी पिपलियामंडी ने थाने पर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके कुएं के अंदर लगी पानी की पनडुब्बी मोटर अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया है। शिकायत पर थाना पिपलियामंडी में अपराध क्रमांक 295/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करने के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया तथा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी सहायता भी ली। इसी दौरान 5 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर चावली रोड स्थित खेत के पास से राहुल पिता बाबुलाल बावरी, उम्र 30 वर्ष, निवासी काचरिया चंद्रावत को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई पानी की पनडुब्बी मोटर बरामद कर जब्त की गई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी राहुल ने अपने साथी कचरु पिता परमेश्वर बावरी, निवासी काचरिया चंद्रावत के साथ मिलकर मोटर चोरी करने की बात बताई। पुलिस ने राहुल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार आरोपी कचरु बावरी की तलाश जारी है।