इंदिरा गांधी जिला चिकित्सालय में 'सेवा संकल्प अभियान 2026' के तहत विश्व दृष्टि दिवस कार्यक्रम संपन्न
सांसद श्री सुधीर गुप्ता ने किया चश्मा वितरण
विश्व दृष्टि दिवस के उपलक्ष्य में इंदिरा गांधी जिला चिकित्सालय में जिला स्वास्थ्य समिति के सौजन्य से 'सेवा संकल्प अभियान 2026' के अंतर्गत नेत्र परीक्षण स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में "देखें सुंदर संसार, करें आँखों का श्रृंगार निःशुल्क नेत्र परीक्षण कराएं, बेहतर रोशनी पाएं" का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद श्री सुधीर गुप्ता थे। कार्यक्रम के दौरान सांसद श्री गुप्ता ने जिला चिकित्सालय में दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का गहन अवलोकन किया तथा नेत्र रोग विशेषज्ञों एवं डॉक्टरों से उपलब्ध कराई जा रही आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। शिविर में 40 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों को सांसद द्वारा निःशुल्क चश्मों का वितरण भी किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद श्री सुधीर गुप्ता ने कहा कि आँखें हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और इनका स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है, इसलिए सभी को नियमित रूप से आँखों की जांच करानी चाहिए। उन्होंने बताया कि जिला चिकित्सालय मंदसौर में नवीन एवं आधुनिक फेको पद्धति से मोतियाबिंद के निःशुल्क ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
जन-कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई 'आयुष्मान भारत योजना' के तहत प्रत्येक पात्र परिवार को प्रतिवर्ष 5 लाख रूपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी जा रही है। इसके साथ ही 70 वर्ष से अधिक आयु के प्रत्येक बुजुर्ग के लिए पृथक से 5 लाख रूपये तक का निःशुल्क इलाज चिन्हित अस्पतालों में उपलब्ध कराया गया है। नागरिकों को इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. द्विवेदी, नोडल अधिकारी, डॉ. ए.के. नकुम, आरएमओ डॉ. सौरभ मंडवारिया, शहरी नोडल अधिकारी डॉ. अर्पित यति, नेत्र रोग सहायक डॉ. अतुल भीरूड, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका गोस्वामी, जिला मीडिया अधिकारी डॉ. एम.एल. कश्यप, श्री मनोज चौधरी, श्री महेंद्र परिहार, श्री आदित्य मारोठिया, श्री आशीष खिमेसरा, नर्सिंग छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
#मंदसौर
#Mandsaur