
सड़क हादसे में शिक्षक की मौत, छह साल की बेटी के सिर से उठा पिता का साया
हरदोई। कोतवाली देहात क्षेत्र में मदारा-पिहनिया मार्ग पर गिरजापुरवा के पास बुधवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार शिक्षक आशीष कुमार श्रीवास्तव (40) की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल शिक्षक को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। छह साल की मासूम बेटी के सिर से पिता का साया उठने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, लखनऊ चुंगी के पास आईटीआई के सामने रहने वाले आशीष कुमार श्रीवास्तव बुधवार सुबह घर से निकले थे। उन्हें सदर तहसील में बीएलओ से संबंधित बैठक में शामिल होना था। इसके बाद उन्हें उच्च प्राथमिक विद्यालय पिहनिया में संकुल शिक्षकों की दूसरी बैठक में पहुंचना था। इसी दौरान मदारा-पिहनिया मार्ग पर गिरजापुरवा के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पहुंची एंबुलेंस से उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आशीष कुमार श्रीवास्तव उच्च प्राथमिक विद्यालय नीर में इंचार्ज शिक्षक के पद पर तैनात थे। इसके साथ ही वह न्याय पंचायत नीर में एनसीआरसी के दायित्व का निर्वहन कर रहे थे।
आशीष की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी सोनी श्रीवास्तव, मां मिथिलेश और छह वर्षीय बेटी आर्या को छोड़ गए हैं। परिवार के लिए यह क्षति अपूरणीय है। जिस बेटी के सिर पर पिता का स्नेह और संरक्षण था, वह अब उनसे हमेशा के लिए बिछड़ गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है।
Bilgram, Hardoi | Oct 22, 2026