
⬇️पिथौरागढ़ :- कुमाउनी भाषा के संरक्षण की पहल, पहला पुस्तकालय एवं विरासत केंद्र स्थापित!⬇️
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर कुमाउनी भाषा और संस्कृति के संरक्षण की दिशा में एक नई पहल की गई है। मानस कॉलेज में राज्य के पहले कुमाउनी पुस्तकालय एवं विरासत केंद्र की स्थापना की गई, जिसका लोकार्पण पूर्व कुलपति प्रोफेसर नरेंद्र सिंह भंडारी की अध्यक्षता में शिक्षाविद् एवं पूर्व उप निदेशक शिक्षा कमला पंत ने किया।
इस केंद्र की स्थापना डॉ. अशोक पंत की पहल पर मानस कॉलेज के परंपरागत ज्ञान विकास विभाग द्वारा की गई है। यहां कुमाउनी साहित्य, भाषा और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी अध्ययन सामग्री उपलब्ध होगी, जिससे शोधार्थियों और युवा पीढ़ी को लाभ मिलने की उम्मीद है।
लोकार्पण के बाद कुमाउनी भाषा और संस्कृति के संरक्षण विषय पर संगोष्ठी भी आयोजित की गई। वक्ताओं ने कुमाउनी को आठवीं अनुसूची में शामिल करने, प्राथमिक शिक्षा में स्थानीय भाषा को बढ़ावा देने और घरों में कुमाउनी के नियमित प्रयोग पर जोर दिया।
केंद्र के भविष्य में डिजिटलाइजेशन की भी योजना है, ताकि कुमाउनी भाषा और संस्कृति को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाई जा सके।