#भरतपुर। शहर के जनाना अस्पताल पॉइंट पर शनिवार को दो पक्षों के बीच हो रहे विवाद को शांत कराने पहुंचे एक ट्रैफिक पुलिस कांस्टेबल पर हमला हो गया। झगड़े के दौरान आरोपी द्वारा चलाया गया लोहे का सरिया बीच-बचाव कर रहे कांस्टेबल के पेट में जा घुसा और उनके सिर में भी चोट आई। घायल कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह ने बताया कि वह अपनी ड्यूटी पर तैनात थे, तभी बाइक सवार पिता-पुत्र और एक पैदल युवक के बीच कहासुनी के बाद मारपीट होने लगी। झगड़ते हुए जब वे कांस्टेबल के पास पहुंचे, तो उन्होंने मामला शांत कराने का प्रयास किया। इसी दौरान एक युवक लोहे का सरिया उठाकर लाया और दूसरे पर हमला करने लगा, जिसे रोकते वक्त सरिया सीधे कांस्टेबल भूपेंद्र के पेट और सिर में लग गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोग लहूलुहान हालत में कांस्टेबल को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनके पेट में तीन टांके लगाए गए हैं। पीड़ित पुलिसकर्मी की शिकायत पर मथुरा गेट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।