
महिलाओं के प्रति अमर्यादित भाषा के प्रयोग पर हरियाणा राज्य महिला आयोग सख्त, जारी की एडवाइजरी
भिवानी, 16 नवंबर। हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा उषा प्रियदर्शी ने कहा है कि समाज में महिलाओं का सम्मान बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ-साथ मर्यादा का भी पालन करना चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया, ऑनलाइन समाचार और डिजीटल मीडिया चैनलों पर महिलाओं के प्रति अभद्र, अपमानजनक और अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल को लेकर गंभीर चिंता जताई है।
उषा प्रियदर्शी ने इस संबंध में एक आधिकारिक एडवाइजरी जारी करते हुए मीडिया संस्थानों, पत्रकारों, सोशल मीडिया संचालकों और आमजन से महिलाओं की गरिमा का सम्मान करने की अपील की है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि विभिन्न राज्यों में संचालित कुछ डिजिटल चैनलों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रिपोर्टिंग और चर्चाओं के दौरान महिलाओं के लिए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग सामने आना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। महिलाओं के सम्मान, अस्मिता और अधिकारों के हनन के प्रति आयोग की जीरो टॉलरेंस नीति है।
बॉक्स
-आयोग की मुख्य अपील एवं निर्देश
महिलाओं के बारे में सदैव सभ्य, मर्यादित और सम्मानजनक भाषा का ही प्रयोग किया जाए। निजी जीवन पर टिप्पणी से बचाव: किसी भी महिला के चरित्र, गरिमा या निजी जीवन पर अनावश्यक टिप्पणी न की जाए। खबरों की रिपोर्टिंग और चर्चा के साथ-साथ समाचारों के शीर्षक, कैप्शन, थम्बनेल, तस्वीरों और वीडियो में भी महिलाओं की गरिमा का विशेष ध्यान रखा जाए। महिलाओं का अपमान करने वाली किसी भी सामग्री को साझा, प्रसारित या प्रोत्साहित करने से बचा जाए। सभी संवेदनशील मामलों में बेटियों और महिलाओं की तस्वीरें दिखाने से परहेज किया जाए।