09 दिनों से अंधेरे में पंचायत भवन और 50 परिवार, शिकायतों के बावजूद नहीं सुधरी बिजली व्यवस्था
.
#हरदोई: विकास खंड शाहाबाद के विद्युत उपकेंद्र आलमनगर से पोषित ग्राम पंचायत ररी में बिजली विभाग की लापरवाही से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों के अनुसार 33/11 विद्युत उपकेंद्र आलमनगर से जुड़ी एलटी लाइन पिछले 9 दिनों से टूटकर नीचे पड़ी हुई है, जिसके कारण पंचायत भवन सहित लगभग 50 उपभोक्ताओं की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित है।
ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या की जानकारी कई बार संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। बताया गया कि मामले से शाहाबाद खंड के अधिशासी अभियंता को भी अवगत कराया गया, बावजूद इसके विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
लगातार 9 दिनों से बिजली न मिलने के कारण पंचायत भवन के कार्य प्रभावित हो रहे हैं, वहीं भीषण गर्मी में ग्रामीणों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने विभागीय अधिकारियों से तत्काल क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत कर बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।
-द टेलीकास्ट न्यूज़
Hardoi, Hardoi | Jun 2, 2026