
हरदोई में कल कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल रहेंगे बंद, डीएम के निर्देश पर जारी हुआ आदेश
हरदोई। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खंड स्नातक एवं लखनऊ खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के मद्देनजर जिले में 23 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालयों में विशेष अवकाश घोषित किया गया है। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से 22 अक्टूबर को कार्यालय आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद हरदोई में संचालित कक्षा 1 से 12 तक के समस्त परिषदीय, माध्यमिक, मान्यता प्राप्त एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों के साथ-साथ सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य बोर्डों से संचालित विद्यालयों में 23 अक्टूबर को अवकाश रहेगा।
आदेश में कहा गया है कि विधान परिषद निर्वाचन के लिए मतदान निर्धारित होने के कारण यह निर्णय लिया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों और विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं प्रबंधकों को निर्देश दिया है कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
जारी पत्र की प्रतिलिपि मंडलीय एवं जिला स्तरीय शिक्षा अधिकारियों सहित संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है। जिला सूचना अधिकारी को भी निर्देशित किया गया है कि आदेश का समाचार पत्रों में निःशुल्क प्रकाशन कराया जाए, ताकि आमजन को इसकी जानकारी मिल सके।
इस आदेश के बाद शुक्रवार को हरदोई जिले में कक्षा 1 से 12 तक के संबंधित सभी बोर्डों के विद्यालय बंद रहेंगे।
Bilgram, Hardoi | Oct 22, 2026