
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी की गरिमामयी उपस्थिति में होगा ब्रह्माकुमारीज़ का गोल्डन जुबली समारोह
‘विकसित भारत का संकल्प — ग्राम उत्थान से राष्ट्र उत्थान’ अभियान का होगा शुभारंभ
पानीपत, 22 अक्टूबर 2026
ब्रह्माकुमारीज़ की ईश्वरीय सेवाओं के 50 स्वर्णिम वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पानीपत के ज्ञान मानसरोवर रिट्रीट सेंटर में 1 नवंबर को गोल्डन जुबली समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस समारोह में भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी की गरिमामयी उपस्थिति में ‘विकसित भारत का संकल्प — ग्राम उत्थान से राष्ट्र उत्थान’ परियोजना का शुभारंभ किया जाएगा।
इस संबंध में आज ओमशान्ति भवन, सेक्टर-12, पानीपत में मीडिया कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें शहर के विभिन्न समाचार-पत्रों एवं मीडिया संस्थानों के पत्रकारों ने भाग लिया। कॉन्फ्रेंस को राजयोगी बी.के. भारत भूषण भाई, निदेशक, ज्ञान मानसरोवर; बी.के. लीना दीदी, कार्यक्रम कोऑर्डिनेटर, माउंट आबू; तथा बी.के. मीनू बहन, हुडा सेंटर ने संबोधित किया।
गाँव-गाँव तक पहुँचेगा जागरूकता और व्यसनमुक्ति का संदेश
राजयोगी बी.के. भारत भूषण भाई ने प्रस्तावित अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि समारोह के दौरान राष्ट्रपति जी द्वारा कुछ बहनों के सिर पर कलश स्थापित करने तथा कुछ भाइयों को झंडे प्रदान करने के माध्यम से अभियान को प्रतीकात्मक रूप से आरंभ किया जाएगा। इसके पश्चात अभियान से जुड़ी टीमें विभिन्न गाँवों में जाकर लोगों को जागरूक करेंगी तथा उन्हें तंबाकू, शराब एवं अन्य व्यसनों से मुक्त जीवन अपनाने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित करेंगी।
उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक जीवनशैली, नैतिक मूल्यों और व्यसनमुक्त समाज के निर्माण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है, ताकि गाँवों के विकास के साथ राष्ट्र के विकास को भी नई दिशा मिल सके।
समारोह में आकर्षण का केंद्र होगी गोकुल गाँव की झांकी
गोल्डन जुबली समारोह में भारतीय संस्कृति, ग्रामीण जीवन और आदर्श ग्राम की परिकल्पना को दर्शाती गोकुल गाँव की विशेष झांकी भी तैयार की जाएगी। प्रस्तावित कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी द्वारा इस झांकी का उद्घाटन किया जाएगा। झांकी के माध्यम से ग्रामीण जीवन के मूल्यों, सांस्कृतिक विरासत और आदर्श समाज की अवधारणा को प्रस्तुत किया जाएगा।
वक्ताओं ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज़ पिछले पाँच दशकों से आध्यात्मिक जागरूकता, नैतिक मूल्यों और सामाजिक परिवर्तन के लिए सेवाएँ कर रही है। गोल्डन जुबली समारोह इसी सेवा यात्रा को आगे बढ़ाते हुए ग्राम विकास और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने का अवसर है।
इस अवसर पर मीडिया प्रतिनिधियों से भी आह्वान किया गया कि वे इस सकारात्मक पहल और जनकल्याणकारी संदेश को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुँचाने में सहयोग करें।
आयोजक:
ब्रह्माकुमारीज़, पानीपत