
मांडलगढ़ जगपुरा ग्राम पंचायत के कार्यालय भवन का हुआ उद्घाटन, विधायक गोपाल लाल शर्मा ने की शिरकत
असलम रंगरेज काछोला
जगपुरा। नवगठित ग्राम पंचायत जगपुरा के कार्यालय भवन का उद्घाटन समारोह रविवार को आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मांडलगढ़ विधायक गोपाल लाल शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। पंचायत कार्यालय भवन के उद्घाटन को लेकर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा।
ग्राम पंचायत जगपुरा, पंचायत समिति मांडलगढ़, जिला भीलवाड़ा के कार्यालय भवन के उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों ने भाग लिया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने नवगठित ग्राम पंचायत के गठन और कार्यालय भवन शुरू होने पर खुशी जताई।
विधायक गोपाल लाल शर्मा ने ग्रामीणों को नवीन ग्राम पंचायत कार्यालय भवन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत का कार्यालय भवन होने से ग्रामीणों को पंचायत से संबंधित विभिन्न कार्यों एवं सरकारी योजनाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी। साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं को पंचायत स्तर पर रखने और उनके समाधान की प्रक्रिया को भी मजबूती मिलेगी। कार्यालय भवन शुरू होने से पंचायत क्षेत्र के ग्रामीणों को प्रशासनिक कार्यों के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वच्छता सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास की अपेक्षा जताई।
इस अवसर विधानसभा सहसंयोजक संदीप सोनी, मंडल अध्यक्ष बृजमोहन शर्मा,भाजपा नेता भेरूलाल मंत्री, भागचंद जैन, योगेश मालू, कृष्णा सोनी, सत्यनारायण धाकड़ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन भगवान शर्मा ने किया।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विकास एवं विभिन्न आवश्यकताओं को लेकर भी चर्चा हुई। ग्रामीणों ने नवगठित ग्राम पंचायत के माध्यम से क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई।
पंचायत कार्यालय भवन का उद्घाटन ग्राम पंचायत के प्रशासनिक कामकाज को स्थानीय स्तर पर सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया गया।