
लखीसराय में अस्पताल, होटल और क्लीनिकों का फायर ऑडिट तेज
लखीसराय। जिले में संचालित अस्पताल, नर्सिंग होम, क्लीनिक, होटल, रेस्टोरेंट एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच लगातार की जा रही है। गुरुवार को जिला अग्निशमन पदाधिकारी विनोद कुमार यादव के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी विनीता लता के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न संस्थानों का फायर ऑडिट किया।
निरीक्षण के दौरान अग्नि निवारण एवं अग्नि सुरक्षा से संबंधित मानकों की जांच की गई। टीम ने संस्थानों को अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, आपातकालीन निकास, सुरक्षा संकेतक एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
फायर ऑडिट के दौरान जहां-जहां अग्नि सुरक्षा उपकरणों एवं व्यवस्थाओं में कमी पाई गई, वहां संबंधित संचालकों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने और कमियों को दूर करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्देशों का पालन नहीं करना लोगों के जीवन एवं संपत्ति के लिए गंभीर खतरा माना जाएगा।
प्रशासन ने बताया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर अनुपालन नहीं होने पर बिहार अग्निशमन सेवा अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।इसके अलावा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मॉक ड्रिल और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को आग लगने की स्थिति में बचाव एवं सुरक्षा उपायों की जानकारी दी जा रही है, ताकि किसी भी आपदा के समय जनहानि और संपत्ति के नुकसान को कम किया जा सके।