Public App Logo
Profile Picture

Vishnu Chandra Sharma

@vishnu68959
4515Followers
6Following
कोम्बैट खेल में छत्तीसगढ़ बना उपविजेता, 56 मेडल जीतकर किया प्रदेश का नाम रोशन

इंदौर/खरसिया। भारतीय कोम्बैट फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वाधान में तीसरी राष्ट्रीय कोम्बैट मल युद्ध प्रतियोगिता का आयोजन मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित चमेली देवी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में किया गया।

इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के लगभग 16 राज्यों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। जिसमें छत्तीसगढ़ के रायगढ़, खरसिया, सक्ती, दुर्ग, पेंड्रा, बिलासपुर, गरियाबंद और रायपुर जिलों से लगभग 40 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हरियाणा को मिला, जबकि उपविजेता के रूप में छत्तीसगढ़ की टीम रही।

छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने गी, नोगी एवं फ्री स्टाइल के डबल इवेंट में खेलते हुए कुल 22 गोल्ड, 18 सिल्वर और 16 ब्रॉन्ज- कुल 56 मेडल अपने नाम किए।

छत्तीसगढ़ टीम के ऑफिशियल के रूप में चिंतामणि चक्रधारी, उमेश साहू, रियाज खान, कमलेश यादव, देवेंद्र ढीमर, सुगंधी राठौर और देवमणि साहू शामिल रहे।

▫️ये रहे पदक विजेता खिलाड़ी:

ध्रुव चक्रधारी, रूपम राठौर, उदित साव, याज्ञवल्क्य सिंह राठौर, पुष्पराज डनसेना, दुष्यंत पटेल, आदित्य राज, प्रशांत स्वादु, प्रणय केरकेट्टा, दक्ष कुमार, विवेक पटेल, तिसना जायसवाल, अक्षत सिदार, वंश राठौर, कामेश्वर सिदार, निहाल जायसवाल, लक्ष्या कौशिक, देवा साहू, सी. ऋषभ, यामिनी धीवर, सृष्टि, सायना मेहरा, सौम्या पुरसेठ, हेमा वारेन, अंजू सिदार, जागृति खूंटे, आर्या राठौर, अंशिका राठौर, रुपाली, भूमिका यादव, रिद्धि यादव, पारुल, पूर्वी सोनवानी, सौम्या पड़वार, गरिमा, अदिति गवेल आदि ने पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया।
रक्षाबंधन पर दुर्ग-रायगढ़ के बीच चलेगी स्पेशल पैसेंजर ट्रेन, जानें टाइमिंग

रक्षाबंधन के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। 27 से 29 अगस्त 2026 तक दुर्ग और रायगढ़ के बीच रक्षाबंधन पैसेंजर स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। गाड़ी संख्या 08834/08833 दुर्ग-रायगढ़-दुर्ग कुल तीन फेरे लगाएगी। इससे दुर्ग, भिलाई, रायपुर, तिल्दा, भाटापारा, बिलासपुर, चांपा, सक्ती, खरसिया और रायगढ़ समेत मार्ग के अन्य स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन की सुविधा मिलेगी। त्योहार के दौरान भीड़ के बीच यह स्पेशल ट्रेन यात्रियों के लिए राहत का बड़ा विकल्प होगी।

रक्षाबंधन स्पेशल ट्रेन गाड़ी संख्या 08834 दुर्ग स्टेशन से सुबह 10:30 बजे रवाना होगी। ट्रेन भिलाई नगर, भिलाई पावर हाउस, भिलाई, देवबलोदा चरोदा, कुम्हारी और सरोना होते हुए 11:25 बजे रायपुर पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन डब्ल्यूआरएस, उरकुरा, मांढर, सिलियारी, बैकुंठ, तिल्दा नेवरा, हथबंद और भाटापारा स्टेशनों पर रुकते हुए आगे रायगढ़ की ओर रवाना होगी। इससे इन स्टेशनों से सफर करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

▪️बिलासपुर से रायगढ़ तक लंबा रूट, कई स्टेशनों पर मिलेगी सुविधा

रक्षाबंधन स्पेशल ट्रेन भाटापारा से दोपहर 12:50 बजे रवाना होकर निपानिया, दागोरी, बिल्हा, चक्करभाटा और दाधापारा के रास्ते दोपहर 2:45 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन गतौरा, जयरामनगर, अकलतरा, जांजगीर-नैला और चांपा होते हुए आगे बढ़ेगी। ट्रेन सारागांव देवरी, सक्ती, झाराडीह, खरसिया, रॉबर्टसन, भूपदेवपुर और किरोड़ीमल नगर से होकर शाम 7 बजे रायगढ़ पहुंचेगी। इस रूट से सफर करने वाले यात्रियों को त्योहार के दौरान अतिरिक्त ट्रेन का सीधा लाभ मिलेगा।

▪️रात की वापसी में भी यात्रियों को राहत

रक्षाबंधन स्पेशल ट्रेन गाड़ी संख्या 08833 रायगढ़ से शाम 7:40 बजे दुर्ग के लिए रवाना होगी। वापसी के दौरान ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग के सभी प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए आगे बढ़ेगी। ट्रेन रात 10:20 बजे बिलासपुर, 11:25 बजे भाटापारा और 12:40 बजे रायपुर पहुंचेगी। इसके बाद अगले दिन सुबह करीब 2 बजे दुर्ग स्टेशन पहुंचने का निर्धारित समय है। देर शाम यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह अतिरिक्त ट्रेन सुविधाजनक विकल्प बनेगी।

▪️10 कोच की होगी स्पेशल ट्रेन

रेलवे के अनुसार, रक्षाबंधन पैसेंजर स्पेशल में कुल 10 आईसीएफ कोच लगाए जाएंगे। इनमें 8 जनरल कोच और 2 एसएलआरडी कोच शामिल होंगे। जनरल कोच होने से सामान्य यात्रियों को त्योहार के दौरान सफर के लिए अतिरिक्त सुविधा मिलने की उम्मीद है।

▪️किन यात्रियों को मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा

इस स्पेशल ट्रेन का सबसे बड़ा फायदा उन यात्रियों को मिलेगा, जिन्हें रक्षाबंधन के दौरान दुर्ग-रायपुर-बिलासपुर-रायगढ़ रेल सेक्शन में यात्रा करनी है। खासकर रायपुर, भाटापारा और बिलासपुर जैसे प्रमुख स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह ट्रेन अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध कराएगी। रेलवे के इस निर्णय से त्योहार के दौरान नियमित ट्रेनों पर बढ़ने वाले यात्री दबाव को कम करने में भी मदद मिल सकती है।
परशुराम चौक के दुकानदारों ने पेश की सेवा की मिसाल, बाबाधाम जाने वाले कांवड़ियों के लिए लगाया विशाल महा-भंडारा
▪️सावन के अंतिम सोमवार पर किसी ने 50 किलो बेसन के पकौड़े, किसी ने 500 गुलाबजामुन तो किसी ने 30 किलो जलेबी बांटी, भोले के भक्तों ने दिया आशीर्वाद

खरसिया। सावन के अंतिम सोमवार पर जब बाबा धाम, घोघड़ धाम, तुर्री धाम और पुरी जाने वाले शिवभक्तों का सैलाब उमड़ा तो परशुराम चौक के विक्रेताओं ने एकजुट होकर सेवा और श्रद्धा की अनूठी मिसाल पेश की।

चौक के सभी दुकानदारों ने आपसी सहयोग से विशाल महा भंडारे का आयोजन किया। भंडारे में किसी दुकानदार ने 500 गुलाबजामुन का योगदान दिया, तो किसी ने 30 किलो जलेबी बनवाई। किसी ने 800 केले वितरित किए, तो किसी ने 50 किलो बेसन के पकौड़े तलकर खिलाए।

भक्तों की प्यास बुझाने के लिए हजारों पानी पाउच 500 समोसे और बिस्किट के सैकड़ों पैकेट भी सेवा भाव से बांटे गए।

भंडारे में शरीक हुए कांवड़ियों ने परशुराम चौक के दुकानदारों को दिल से आशीर्वाद दिया और कहा कि व्यापार के साथ-साथ धर्म और सेवा का यह भाव ही खरसिया की पहचान है।

हरहर महादेव के जयघोष के साथ भंडारा दोपहर तक चलता रहा। आयोजन को लेकर दुकानदारों में भारी उत्साह रहा। व्यापारियों ने कहा कि यह केवल भंडारा नहीं, बल्कि भोले बाबा की सेवा है। भगवान भोलेनाथ की कृपा रही तो यह सेवा हर सावन में और भी बड़े रूप में निरंतर जारी रहेगी।
हेल्पिंग हैंड्स महिला विंग का पहला कार्यक्रम संपन्न: "एक पेड़ मां के नाम" से दी पर्यावरण और नारी शक्ति की पहचान
▪️श्रीरामजानकी मंदिर प्रांगण में पौधारोपण के साथ शुरू हुई सेवा की नई पहल, गणमान्यों ने बढ़ाया हौसला

खरसिया। सेवा और समाज के प्रति समर्पण का नया उदाहरण पेश करते हुए हेल्पिंग हैंड्स महिला विंग का पहला कार्यक्रम 20 अगस्त को श्रीरामजानकी मंदिर प्रांगण में बड़े उत्साह के साथ संपन्न हुआ।

इस कार्यक्रम की विषय-वस्तु थी- एक पेड़ मां के नाम। महिला सदस्यों ने समाज को पर्यावरण संरक्षण और मातृत्व का खूबसूरत संदेश देते हुए पौधे लगाए। हर पौधे के साथ एक मां की ममता और प्रकृति के प्रति संकल्प जुड़ा हुआ था।
 
कार्यक्रम में एसडीओपी सतीश भार्गव, नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग, नगर पालिका उपाध्यक्ष अवधनारायण बंटी सोनी, हेल्पिंग हैंड्स क्लब के संरक्षक मनोज गोयल, संस्थापक अध्यक्ष अंकित अग्रवाल और ब्रम्हकुमारी बहनों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

एसडीओपी सतीश भार्गव ने कहा - मैं काफी समय से हेल्पिंग हैंड्स के सेवा कार्यों की प्रशंसा सुनता आया हूं। आज इस पुनीत कार्य में शामिल होकर गर्व महसूस हो रहा है। आपके सेवा कार्यों से समाज को प्रेरणा मिलती है।

नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग ने महिला विंग का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि प्रशासन हर संभव सहयोग के लिए तैयार है।  
नगर पालिका उपाध्यक्ष बंटी सोनी ने कहा - प्रदेश स्तर पर समाजसेवी संगठनों में हेल्पिंग हैंड्स का नाम सबसे ऊपर है। गर्व की बात है कि इस क्लब की मातृभूमि खरसिया है। अब महिला विंग के कर्मठ सदस्यों के जुड़ने से हेल्पिंग हैंड्स का नाम पूरे देश में गूंजेगा।

कार्यक्रम में महिला विंग की अध्यक्ष आशा अग्रवाल, उपाध्यक्ष रजनी-संजय अग्रवाल, सचिव रजनी-संतोष अग्रवाल के नेतृत्व में सरिता अग्रवाल, ममता बोंदिया, सीमा अग्रवाल, मंजू बंसल, बबीता अग्रवाल, सपना अग्रवाल सहित सभी सदस्याएं पूरी ऊर्जा के साथ शामिल हुईं। कार्यक्रम के अंत में सभी ने संकल्प लिया कि पर्यावरण बचाने और समाज सेवा के हर कार्य में महिलाएं आगे रहेंगी।
हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा दर्रामुड़ा से कोसमनारा का मार्ग, भव्य कांवड़ यात्रा संपन्न
▪️सावन के तीसरे सोमवार को शिवभक्तों ने किया जलाभिषेक, मांड नदी से बाबा धाम तक उमड़ा आस्था का सैलाब

खरसिया। सावन मास के पावन अवसर पर खरसिया के ग्राम दर्रामुड़ा से कोसमनारा बाबा धाम तक निकली चतुर्थ भव्य कांवड़ यात्रा–2026 सोमवार को विधिवत जलाभिषेक के साथ संपन्न हुई। 

▪️मांड नदी से हुई यात्रा की शुरुआत

यात्रा का शुभारंभ 16 अगस्त की शाम करीब 5 बजे मांड नदी के तट पर विधिवत पूजा-अर्चना और मंत्रोच्चारण के साथ हुआ। यहां कांवड़ में पवित्र जल भरने के बाद शिवभक्तों का जत्था "बोल बम, हर-हर महादेव" के नारों के साथ दर्रामुड़ा से कोसमनारा बाबा धाम के लिए रवाना हुआ। भक्ति गीतों और डीजे की धुन पर शिवभक्तों का उत्साह देखते ही बनता था।

यात्रा का मार्ग सारडा कंपनी गेट बिंजकोट, गिंडोला, नहरपाली, सिंघनपुर, रामझरना, बिलासपुर, भूपदेवपुर, केराझर, परसदा, चिराईपानी, पतरापाली, ढिमरापुर चौक और कोतरा रोड रायगढ़ ओवरब्रिज होते हुए कोसमनारा बाबा धाम तक रहा।

▪️कोसमनारा धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

17 अगस्त, सावन के तीसरे सोमवार को कांवड़ यात्री कोसमनारा बाबा धाम पहुंचे। यहां सत्यनारायण बाबा जी के सानिध्य में समस्त युवाओं सहित हजारों श्रद्धालुओं ने शिवलिंग का जलाभिषेक किया और भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। तीसरे सोमवार होने के कारण बाबा धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही और पूरा परिसर भक्तिमय हो गया।

▪️रास्तेभर रही जलपान-भोजन की व्यवस्था

आयोजन समिति द्वारा यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए रास्तेभर भोजन, चाय-बिस्किट, केला और पानी की व्यवस्था की गई थी। यात्रा समाप्ति के बाद वापस लौटने वाले यात्रियों के लिए वाहनों की व्यवस्था भी की गई।

▪️एक सप्ताह से चल रही थी तैयारियां

ग्राम दर्रामुड़ा की समस्त युवा समिति और ग्रामवासियों द्वारा इस चतुर्थ कांवड़ यात्रा की तैयारियां करीब एक सप्ताह पहले से की जा रही थीं। पूजा से लेकर मार्ग, जलपान और वापसी तक सभी व्यवस्थाएं समिति के सहयोग से संपन्न हुईं।

▪️आयोजकों ने जताया आभार

यात्रा सफल होने पर आयोजक समिति ने सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। समिति ने कहा कि भोलेनाथ की कृपा से अगले वर्ष भी इसी श्रद्धा और उत्साह के साथ कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी।
भावपूर्ण श्रद्धांजलि🙏🏻
रायगढ़ में संपन्न हुई दूसरी छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय कॉम्बैट प्रतियोगिता, 10 जिलों के 120 खिलाड़ियों ने दिखाया दम
▪️विजेताओं का चयन इंदौर में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ

रायगढ़। छत्तीसगढ़ कॉम्बैट स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित दूसरी छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय कॉम्बैट प्रतियोगिता का समापन दिल्ली पब्लिक स्कूल, रायगढ़ में हुआ। 

प्रतियोगिता में रायगढ़, सक्ती, सारंगढ़, कोरबा, जशपुर, जांजगीर, बिलासपुर, पेंड्रा, दुर्ग सहित 10 जिलों के लगभग 120 खिलाड़ियों ने विभिन्न वजन वर्गों में हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रायगढ़ यातायात प्रभारी रोहित कुमार बंजारे और दिल्ली पब्लिक स्कूल के प्राचार्य उपस्थित रहे। श्री बंजारे ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए खेल भावना के साथ खेलने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता में विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। 

▪️इंदौर में होगी राष्ट्रीय प्रतियोगिता

इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी अब इंदौर में आयोजित होने वाली तीसरी राष्ट्रीय कॉम्बैट प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।

▪️आयोजन समिति ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

प्रतियोगिता को सफल बनाने में अध्यक्ष उमेश कुमार साहू, सचिव चिंतामणि चक्रधारी, टेक्निकल डायरेक्टर कमलेश यादव, राहुल डहरिया, सुगंधी राठौर, दीप्ति साहू, नंदिनी निर्मलकर, हिमांशु मानिकपुरी सहित समस्त पदाधिकारियों का विशेष सहयोग रहा।
'वंदे मातरम' के 150 वर्ष और 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर खरसिया में आन-बान-शान से निकली भव्य तिरंगा-यात्रा
▪️एनसीसी कैडेट्स की अगुवाई में हजारों देशभक्तों ने लहराया तिरंगा, पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत

खरसिया। 'वंदे मातरम' के 150 वर्ष पूर्ण होने और 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर खरसिया की धरती आज देशभक्ति के रंग में रंग गई। आन, बान और शान के साथ निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा ने पूरे नगर को राष्ट्रभक्ति के जज्बे से भर दिया।

नवीन स्कूल से शुरू होकर टाउनहॉल मैदान में संपन्न हुई इस यात्रा की अगुवाई एनसीसी कैडेट्स ने की। हाथों में तिरंगा और दिलों में 'भारत माता की जय' के नारे लिए हजारों की संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण और आमजन यात्रा में शामिल हुए।

यात्रा में भाजपा के वरिष्ठ नेता गिरधर गुप्ता, छाया विधायक महेश साहू, नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग, गोपाल शर्मा, एसडीएम, एसडीओपी भार्गव, बीईओ एल.एन. पटेल सहित जिले के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

▪️शहीदों की झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र

यात्रा में शहीद भगत सिंह सहित अन्य क्रांतिकारियों की झांकियों ने देशभक्ति की भावना को और प्रबल कर दिया। झांकियों को देखकर लोगों की आंखें नम हो गईं और हर किसी के दिल में 'वंदे मातरम' गूंज उठा।

▪️फूलों से सजा रास्ता, कार्पेट पर चली तिरंगा यात्रा

यात्रा जिन-जिन मार्गों से गुजरी, वहां पूरे रास्ते में कार्पेट बिछाया गया था। घरों और दुकानों की छतों से लोगों ने तिरंगा धारियों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। सभी सामाजिक संगठनों ने जगह-जगह स्टॉल लगाकर यात्रियों का जलपान से स्वागत किया।
थाईलैंड की अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में ऋषभ ठाकुर ने जीता कांस्य पदक, छत्तीसगढ़ एवं क्षत्रिय समाज का बढ़ाया गौरव

रायगढ़ जिले के घरघोड़ा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम नवागढ़ के होनहार युवा खिलाड़ी ऋषभ सिंह ठाकुर पिता दीपक सिंह ठाकुर ने थाईलैंड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र सहित पूरे छत्तीसगढ़ में हर्ष और गौरव का वातावरण है।

ऋषभ सिंह ठाकुर ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, कड़ी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। विदेशी धरती पर तिरंगे का मान बढ़ाते हुए पदक जीतना उनके साथ-साथ उनके परिवार, ग्राम नवागढ़, रायगढ़ जिले और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है।

श्री राजपूत करणी सेना छत्तीसगढ़ (कालवी विचारधारा) के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक कुमार सिंह ने ऋषभ सिंह ठाकुर को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऋषभ की यह उपलब्धि केवल एक पदक नहीं, बल्कि युवा शक्ति की मेहनत, प्रतिभा और संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का गौरव बढ़ाने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ और अपने समाज का नाम भी रोशन किया है। ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं की उपलब्धियां आने वाली पीढ़ी को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं छोटे क्षेत्रों से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को समाज और सरकार दोनों स्तरों पर प्रोत्साहन मिलना चाहिए। खेल प्रतिभाओं को उचित मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराकर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर दिए जाने चाहिए।

अभिषेक कुमार सिंह ने ऋषभ सिंह ठाकुर के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि ऋषभ आने वाले समय में और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर भारत का तिरंगा अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित करेंगे।
चैंबर प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने खरसिया-वासियों की सुविधा को लेकर चैंबर को सौंपा मांग पत्र
▪️रेलवे में लिफ्ट, एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव, स्मार्ट मीटर और जाम से निजात दिलाने की मांग

खरसिया। छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने प्रदेश अध्यक्ष सतीश थोरानी को पत्र लिखकर खरसिया व्यापारियों की 5 प्रमुख समस्याओं के समाधान की मांग की है।

ज्ञापन में खरसिया रेलवे स्टेशन पर लिफ्ट लगाने, आजाद हिंद व साउथ एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों का ठहराव, स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक, शहर में जाम से निजात के लिए यातायात व्यवस्था सुधारने तथा आरटीओ द्वारा मालवाहक वाहनों से अनावश्यक एंट्री फीस वसूली बंद करने की मांग की गई है।

अग्रवाल ने कहा कि खरसिया व्यापारिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नगर है, अतः समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए।

▪️ये हैं पत्र में उठाई गईं प्रमुख मांगें:

1.  रेलवे स्टेशन पर लिफ्ट की व्यवस्था- 

खरसिया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों, बुजुर्गों और व्यापारियों की सुविधा के लिए लिफ्ट की व्यवस्था नहीं है। इसे तत्काल लगवाया जाए।

2.  एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव- 

खरसिया एक महत्वपूर्ण व्यापारिक नगर है और इसके आसपास कई पावर प्लांट स्थित हैं। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में उद्योग जगत के लोग आते-जाते हैं। बावजूद इसके आजाद हिंद, साउथ एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव खरसिया में नहीं है। इन ट्रेनों का ठहराव किया जाए।

3.  स्मार्ट मीटर पर रोक-

विद्युत विभाग द्वारा व्यापारियों के अलावा आम नागरिकों पर स्मार्ट मीटर लगाने हेतु जबरदस्ती दबाव बनाया जा रहा है। इस पर रोक लगाई जाए।

4.  यातायात व्यवस्था में सुधार-

नगर की यातायात व्यवस्था ठीक नहीं होने के कारण आए दिन महत्वपूर्ण सड़कों पर जाम की स्थिति बनती है। इसके लिए यातायात पुलिस की समुचित व्यवस्था की जाए।

5.  आरटीओ द्वारा अनावश्यक फीस की वसूली- 

खरसिया से रायपुर परिवहन का कार्य करने वाले व्यापारियों के मालवाहक वाहनों से आरटीओ द्वारा अनावश्यक रूप से एंट्री फीस की मांग की जा रही है। इसे बंद किया जाए।

अशोक अग्रवाल ने पत्र में लिखा है कि खरसिया व्यापारिक दृष्टिकोण से बहुत महत्वपूर्ण नगर है। अतः उपरोक्त समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित विभाग के उच्चाधिकारियों से संपर्क कर शीघ्र कार्यवाही कराई जाए।
नन्हें कंधों पर भक्ति की कांवड़, भावविभोर हुआ खरसिया
▪️गंजबाजार हनुमान मंदिर से भगत तालाब शिव मंदिर तक निकली बाल कांवड़ यात्रा, माताएं भी बनीं सहभागी

खरसिया। सावन का महीना और उसमें नन्हें-नन्हें बच्चों के कंधों पर सजी कांवड़... ये दृश्य किसी को भी मोहित कर दे। भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का ऐसा संगम आज खरसिया की गलियों में देखने को मिला।

आज गंजबाजार स्थित हनुमान मंदिर से भगत तालाब स्थित शिव मंदिर तक करीब सौ नन्हें शिवभक्तों ने बाल कांवड़ यात्रा निकाली। यूं तो यह यात्रा ज्यादा लंबी नहीं थी, पर बच्चों का उत्साह देखते ही बनता था।

भगवा वस्त्र, गले में रुद्राक्ष की माला और हाथों में सजी हुई छोटी-छोटी कांवड़ लेकर बच्चे जब बोल बम... हर हर महादेव के जयकारों के साथ झूमते-गाते चले तो नगर की गलियों का पूरा माहौल शिवमय हो गया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर नन्हें पैर भी थिरक रहे थे।

इस यात्रा की सबसे खूबसूरत बात ये रही कि छोटे-छोटे बच्चों का हौसला बढ़ाने के लिए उनकी माताएं भी साथ चल रही थीं। माताओं की आंखों में अपने बच्चों के लिए गर्व और शिवजी के प्रति श्रद्धा साफ झलक रही थी।

भक्ति से सराबोर यह पूरा माहौल अविस्मरणीय रहा। राहगीर भी कुछ देर रुककर इस अनुपम दृश्य को निहारते रहे और बोल-बम के नारे लगाते बच्चों पर पुष्प वर्षा करते रहे।

सावन में शिवभक्ति का यह रूप यह संदेश दे गया कि आस्था की जड़ें कितनी गहरी हैं और आने वाली पीढ़ी भी धर्म और संस्कारों से जुड़ी हुई है।
खरसिया के खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय ग्रेपलिंग में लहराया परचम, जीते कई स्वर्ण सहित दर्जनों पदक
▪️सेंट जॉन स्कूल के 19 खिलाड़ियों ने दिखाया दम, कोच चिंतामणी चक्रधारी और अनिल चौधरी के मार्गदर्शन में मिली सफलता

खरसिया के खिलाड़ियों ने एक बार फिर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया है। सेंट जॉन इंग्लिश मीडियम स्कूल खरसिया के ग्रेपलिंग कुश्ती खिलाड़ियों ने छठी राज्य स्तरीय ग्रेपलिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए।

स्कूल के कुल 19 खिलाड़ियों ने अंडर-13 से लेकर जूनियर और सीनियर वर्ग तक में भाग लिया। सभी खिलाड़ियों ने कड़े मुकाबलों में अपनी मेहनत और जज्बे का परिचय दिया।

▪️पदक विजेता खिलाड़ियों की सूची:

▫️अंडर-13 वर्ग:  
- ध्रुव चक्रधारी - 27 किग्रा: स्वर्ण + रजत  
- रूपम राठौर - 50 किग्रा: स्वर्ण + रजत  
- उदित साव - 42 किग्रा: रजत  

▫️कैडेट वर्ग:  
- पुष्पराज डनसेना - 54 किग्रा: स्वर्ण + रजत  
- याज्ञवल्क्य सिंह राठौर - 85 किग्रा: 2 स्वर्ण  
- दुष्यंत पटेल - 50 किग्रा: स्वर्ण  
- विवेक पटेल - 46 किग्रा: रजत + कांस्य  
- दक्ष कुमार - 46 किग्रा: कांस्य  
- प्रशांत स्वादू - 46 किग्रा: कांस्य  
- रौनक डनसेना - 50 किग्रा: रजत  

▫️जूनियर वर्ग:  
- तिष्ना जयसवाल - 77 किग्रा: स्वर्ण + रजत  
- कामेश्वर सिदार - 71 किग्रा: रजत  
- वंश राठौर - 77 किग्रा: स्वर्ण  
- आदित्य राज - 69 किग्रा: कांस्य  
- हितेश जोल्हे - 52 किग्रा: रजत  
- शिखर गवेल - रजत  
- मेधानस - स्वर्ण  
- पुलकित - स्वर्ण  
- प्रज्जवल कश्यप - स्वर्ण  

▫️बालिका वर्ग अंडर-15:  
- अंजू सिदार - स्वर्ण  
- हेमा वारेन - स्वर्ण  
- सायना - रजत  
- सौम्या - कांस्य  

▫️सीनियर महिला वर्ग:
- सुगंधी राठौर - स्वर्ण  

स्कूल के सभी खिलाड़ियों ने कोच चिंतामणी चक्रधारी और कोच अनिल चौधरी के कुशल मार्गदर्शन में प्रतियोगिता में भाग लिया।

▪️विद्यालय एवं कोच ने जताई खुशी

इस उपलब्धि पर स्कूल प्रबंधन, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी है। कोचों ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और अनुशासन के कारण यह सफलता मिली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे भी खरसिया के खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करेंगे।
सावन के पावन दिनों में खरसिया में 5 से 12 अगस्त तक श्रीमद्भागवत कथा एवं सामूहिक रुद्राभिषेक
▪️वृंदावन से पधारेंगे कथा व्यास श्री प्रभाकरकृष्ण जी महाराज, कल गायत्री मंदिर से निकलेगी भव्य शोभायात्रा

खरसिया। सावन के पवित्र माह में भक्ति की गंगा में डुबकी लगाने का सुनहरा अवसर श्रद्धालुओं को मिलने जा रहा है। श्री श्याम कुटुम्ब के तत्वावधान में श्री श्याम बिहारी मंदिर, खरसिया में 05 अगस्त से 12 अगस्त 2026 तक श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह एवं सामूहिक रुद्राभिषेक का आयोजन किया जा रहा है।

इस दिव्य आयोजन के कथा व्यास श्रीधाम वृंदावन से पधारे श्रद्धेय श्री प्रभाकर कृष्ण जी महाराज होंगे। उनके मुखारविंद से प्रतिदिन भगवान की लीलाओं का रसपान श्रद्धालु करेंगे।

▫️05 अगस्त 2026, बुधवार: गायत्री मंदिर से श्री श्याम बिहारी मंदिर तक भव्य शोभा यात्रा, देवपूजन और श्रीमद् भागवत महात्म्य की कथा  
▫️06 अगस्त: कुंती स्तुति, भीष्म स्तुति, परीक्षित जन्म कथा  
▫️07 अगस्त: विराट स्वरूप वर्णन, ध्रुव चरित्र, सती चरित्र  
▫️08 अगस्त: ध्रुव वंशावली, प्रहलाद चरित्र, राम जन्म एवं कृष्ण जन्म उत्सव  
▫️09 अगस्त: भगवान श्री कृष्ण की बाल लीला, माखन चोरी, गोवर्धन पूजा  
▫️10 अगस्त: रासलीला, कंस वध, श्री कृष्ण रुक्मणी विवाह  
▫️11 अगस्त: सुदामा चरित्र, फूलों की होली, राजा परीक्षित मोक्ष  
▫️12 अगस्त: हवन एवं पूर्णाहुति के साथ समापन

▪️समय और स्थान:
- कथा समय: दोपहर 03 बजे से सायं 07 बजे तक 
- भागवत पूजन एवं रुद्राभिषेक: प्रतिदिन प्रात: 08 बजे से
- कथा स्थल: श्री श्याम बिहारी मंदिर, खरसिया

▪️संपर्क:
हरिश शर्मा: 98261 80426  
शंकर अग्रवाल: 98261 34928  
संस्थापक: मुकेश मित्तल - 94252 50296  
अध्यक्ष: विजय अग्रवाल - 94252 50433  

आयोजक श्री श्याम कुटुम्ब ने सभी धर्मप्रेमियों से निवेदन किया किया है कि परिवार सहित आकर भक्ति की गंगा में डुबकी लगाएं और पुण्य के भागी बनें।
खरसिया ब्लॉक ने रचा इतिहास: प्रयास आवासीय और NMMSE में जिले की 50% से ज्यादा सीटों पर कब्जा

विकास खण्ड खरसिया के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक उपलब्धि में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। प्रयास आवासीय विद्यालय चयन परीक्षा 2026 और राष्ट्रीय साधन-सह-प्रवीण्य छात्रवृत्ति योजना NMMSE 2026 दोनों में खरसिया ब्लॉक के छात्रों ने जिले में लगभग आधी सीटें अपने नाम की हैं।

▫️1. प्रयास आवासीय विद्यालय चयन परीक्षा 2026: रायगढ़ जिले की कुल 265 सीटों में से खरसिया ब्लॉक के विद्यार्थियों ने 101 सीटों पर सफलता प्राप्त की।
▫️2. NMMSE छात्रवृत्ति परीक्षा 2026: जिले के लिए आवंटित कुल 208 सीटों में से 106 सीटों पर खरसिया के छात्र सफल हुए।

इस तरह दोनों ही प्रतियोगी परीक्षाओं में खरसिया ब्लॉक ने जिले की 50 प्रतिशत से अधिक सीटों पर कब्जा जमाया।

▫️सफलता का राज: योजना बद्ध तैयारी और मार्गदर्शन
इस उपलब्धि का श्रेय विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी श्री एल.एन. पटेल के कुशल मार्गदर्शन और सतत मॉनिटरिंग को दिया जा रहा है।

बीईओ श्री पटेल ने बताया कि इसके लिए पूरे वर्ष विशेष रणनीति अपनाई गई थी। 
- प्रत्येक शनिवार को कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों के लिए दोनों परीक्षाओं की विशेष कोचिंग कराई जाती थी। 
- साथ ही अन्य दिनों में भी स्कूलों में पाठ्यक्रम का अध्यापन इन्हीं परीक्षाओं को ध्यान में रखकर कराया गया।
- पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और तैयारी को लेकर समय-समय पर शिक्षकों और विद्यार्थियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

▪️शिक्षकों की मेहनत रंग लाई..

बीईओ श्री पटेल ने इस सफलता का पूरा श्रेय विकासखण्ड के मेहनती शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए अधिकारी का उचित मार्गदर्शन और मैदानी स्तर पर शिक्षकों की मेहनत अत्यंत आवश्यक होती है। खरसिया के शिक्षकों ने इसे साबित कर दिखाया है।

खरसिया ब्लॉक के इस शानदार प्रदर्शन से पूरे शिक्षा जगत में बीईओ श्री एल.एन. पटेल और ब्लॉक के शिक्षकों की प्रशंसा हो रही है। शिक्षा विभाग का मानना है कि यह परिणाम ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणा बनेगा।
धर्म नगरी खरसिया में हर्षोल्लास से मनाया गया गुरु पूर्णिमा महोत्सव
▪️देवी संपद मंडल द्वारा रामानंद मुंशी राम शर्मा मंदिर में पूजा-अर्चना, भजन और प्रसाद वितरण

खरसिया। धर्म नगरी खरसिया में आज 29 जुलाई, बुधवार को गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। देवी संपद मंडल खरसिया द्वारा स्थानीय रामानंद मुंशी राम शर्मा राम मंदिर, गंज चौक में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी धार्मिक आयोजन किया गया। 

इस अवसर पर मंदिर प्रांगण को आकर्षक रूप से सजाया गया था। कार्यक्रम की शुरुआत ब्रह्मलीन परम पूज्य गुरुदेव महामंडलेश्वर स्वामी शारदानंद सरस्वती जी के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर की गई। इसके बाद विद्वान युवा पंडित बिट्टू महाराज जी द्वारा गुरुदेव की विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई।

सभी शिष्य परिवार ने अपने परिजनों के साथ मिलकर गुरुदेव की पूजा की और सामूहिक आरती का आयोजन किया। आरती के पश्चात महिला मंडल द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी गई, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं को जलपान कराने के बाद प्रसाद वितरण किया गया।

कार्यक्रम में ओमप्रकाश गोयल, अशोक अग्रवाल पत्रकार, सन्टी सोनी, कैलाश बंसल, विनोद शर्मा, प्रिंस सलूजा, नरेश गोयल, मुकेश अग्रवाल, कान्हा शर्मा, रजत शर्मा रज्जू, नीरज अग्रवाल, विष्णु अग्रवाल, संजय कंकरवाल, पवन अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में भक्तजन उपस्थित थे। वहीं महिला मंडल से प्रेमा गोयल, कौशल्या देवी अग्रवाल, चमेली देवी शर्मा, सरिता शर्मा, उषा अग्रवाल, किरण देवी अग्रवाल, शशि शर्मा, श्वेता शर्मा, रुक्मणी शर्मा आदि मौजूद रहीं।

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए देवी संपद मंडल के गोपाल शर्मा पत्रकार ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। सभी ने मिलजुल कर गुरु पूर्णिमा महोत्सव को यादगार बनाया।
महात्मा गांधी महाविद्यालय खरसिया की जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष युवा पार्षद साहिल शर्मा 'चीनू' बने
▪️मंत्री रामविचार नेताम की अनुशंसा पर मिली जिम्मेदारी

खरसिया। महात्मा गांधी महाविद्यालय खरसिया के लिए अच्छी खबर है। कार्यालय कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी रायगढ़ (छ.ग.) द्वारा जारी आदेश क्रमांक GENS/58639/2026-COLL RGH/अ.वि.लि./2026 दिनांक 07/2026 के अनुसार जिले के शासकीय महाविद्यालयों में जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष पदों पर नियुक्तियां की गई हैं।

इस आदेश में शासकीय महात्मा गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खरसिया जिला रायगढ़ का अध्यक्ष युवा पार्षद भाई साहिल शर्मा 'चीनू' निवासी पंजाब नेशनल बैंक के सामने, खरसिया को मनोनीत किया गया है।

यह नियुक्ति माननीय श्री रामविचार नेताम, मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन-आदिम जाति विकास, कृषि एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी, मछलीपालन, पशुधन विकास विभाग द्वारा की गई अनुशंसा के आधार पर की गई है।

युवा, ऊर्जावान और समाजसेवी छवि वाले साहिल शर्मा के अध्यक्ष बनने पर क्षेत्र में खुशी की लहर है। नगरवासियों और छात्र-छात्राओं को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में महाविद्यालय में शिक्षा, खेल और अन्य गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

साहिल शर्मा 'चीनू' वर्तमान में युवा पार्षद के रूप में भी सक्रिय हैं और सामाजिक कार्यों के लिए जाने जाते हैं।
भगवान स्वयं भक्तों को दर्शन देने निकले, खरसिया में निकली जगन्नाथ रथ यात्रा
▪️श्रीराम-जानकी मंदिर, श्री राधाकृष्ण मंदिर और मां धामा देवी मंदिर सहित कई मंदिरों से निकली भव्य शोभायात्रा

खरसिया। आषाढ़ शुक्ल द्वितीया के पावन पर्व पर आज भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा स्वयं भक्तों को दर्शन देने निकले। श्रद्धा और उल्लास के साथ नगर में भव्य रथ यात्रा का आयोजन किया गया।

रथ यात्रा की शुरुआत श्रीराम जानकी मंदिर, श्री राधाकृष्ण मंदिर, मां धामा देवी मंदिर सहित नगर के विभिन्न मंदिरों से हुई। दिव्य रथों को फूलों, पताकाओं एवं रंगीन झालरों से सजाया गया था। ढोल-नगाड़े, शंख ध्वनि एवं भजन-कीर्तन के साथ रथ आगे बढ़े तो जय जगन्नाथ के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।

यात्रा मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान के रथ की पूजा-अर्चना की और रस्सी खींचकर पुण्य लाभ अर्जित किया और बच्चों ने उत्साह पूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। भारत विकास परिषद शिवाजी शाखा द्वारा स्टेशन रोड में सभी भक्तों का मुंह मीठा करवाया गया। वहीं मंदिर समितियों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा जगह-जगह रथयात्रा का स्वागत किया गया।

भक्तों का मानना है कि रथ यात्रा के दिन भगवान स्वयं अपने भक्तों से मिलने आते हैं। इसलिए इस दिन दर्शन मात्र से ही सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में मंदिर समिति के पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों एवं भक्तगणों का सराहनीय सहयोग रहा।
राज्य परियोजना के 'हमारे नायक' घोषित बीआरसी प्रदीप साहू को कलेक्टर ने मूल पद पर भेजा, शिक्षा जगत में चर्चा
▪️जिले में अन्य जगहों पर भी संलग्न बीआरसी कार्यरत, खरसिया में ही आदेश पर सवाल..

खरसिया। जिला कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने संलग्नीकरण के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खरसिया में बीआरसी पद पर पदस्थ प्रदीप कुमार साहू का संलग्नीकरण समाप्त कर उन्हें मूल पद पर कार्य करने का आदेश जारी किया है।

जिले में अन्य जगह भी संलग्न बीआरसी कार्यरत हैं।
उल्लेखनीय है कि रायगढ़ जिले में संलग्नीकरण के तहत लैलूंगा में अरविंद राजपूत, धर्मजयगढ़ में मनोज कुमार साहू, तमनार में जयप्रकाश साहू, पुसौर में शैलेंद्र मिश्रा एवं जिला परियोजना समन्वयक भूपेंद्र कुमार पटेल भी एपीसी पद पर लंबे समय से कार्यरत हैं। ऐसे में केवल खरसिया बीआरसी को ही मूल पद पर भेजे जाने को लेकर शिक्षा विभाग में चर्चा है।

▪️श्रेष्ठ कार्यों के लिए पहचाने जाते थे प्रदीप साहू

शिक्षा विभाग के सूत्रों के अनुसार प्रदीप कुमार साहू के कार्यकाल में खरसिया विकासखंड ने वीएसके एप्लीकेशन में उपस्थिति, यू-डाइस अपडेशन, पीजीआई रिपोर्ट, एफएलएन, नई शिक्षा नीति एवं बालवाड़ी संचालन में जिले में बेहतर प्रदर्शन किया। 
इन्हीं प्रयासों के चलते राज्य परियोजना कार्यालय द्वारा उन्हें 'हमारे नायक' के रूप में चिन्हांकित कर आदर्श बीआरसी के रूप में प्रस्तुत किया गया था।

▪️शिक्षा समिति ने पुनर्विचार की मांग की

खरसिया शिक्षा स्थाई समिति के पदेन अध्यक्ष एवं जनपद उपाध्यक्ष डॉ.हितेश गवेल ने कहा कि _"प्रदीप कुमार साहू की कार्यशैली से ही खरसिया की शिक्षा व्यवस्था सुव्यवस्थित रूप से संचालित हो रही थी। मैं कलेक्टर महोदय से निवेदन करूंगा कि जनहित में उन्हें पुनः बीआरसी का दायित्व सौंपा जाए।"_

▪️कलेक्टर का पक्ष..

इस विषय पर कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी से संपर्क करने पर उन्होंने कहा कि _"यह सभी बातें फोन पर नहीं हो सकतीं, सॉरी.."_
लायंस क्लब खरसिया सिटी का 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान, छात्राओं को दी पौधों की देखभाल की सीख
▪️शासकीय बालिका छात्रावास परसकोल में 51पौधे रोप कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

खरसिया। अंतर्राष्ट्रीय समाजसेवी संस्था लायंस क्लब खरसिया सिटी द्वारा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शासकीय बालिका छात्रावास, परसकोल परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत एम.आर. फैमिली द्वारा स्वर्गीय माता मणि देवी की स्मृति में संकल्पित 1100 पौधों के वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत छात्रावास परिसर में 51 पौधे लगाए गए। वहीं छात्राओं को पर्यावरण की जानकारीदी गई।

कार्यक्रम में छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा के लिए टी-गार्ड का उपयोग करने का आग्रह किया गया, ताकि पौधे सुरक्षित रहकर बड़े वृक्ष बन सकें।

लायन ऋषि अग्रवाल ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के प्रति लोगों में जनजागरूकता बढ़ाना ही हमारा मुख्य लक्ष्य है। वहीं क्लब अध्यक्ष लायन संजय अग्रवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति पौधे लगाकर उनकी देखभाल करे तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सकेगा।

▪️इनकी रही उपस्थिति

कार्यक्रम में लायन ऋषि अग्रवाल, लायन संजय अग्रवाल, लायन रामनारायण सोनी, लायन सुंदरमल, राकेश गायत्री, संजय गुप्ता, संजय गुप्ता पत्रकार, प्रधान पाठक सिदार जी, छात्रावास अधीक्षिका श्रीमती सरिता पटेल सहित स्कूल स्टाफ, गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सफल संचालन लायन रामनारायण सोनी 'संटी' ने किया। अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।
भगवान स्वयं भक्तों को दर्शन देने निकले, खरसिया में निकली जगन्नाथ रथ यात्रा
▪️श्रीराम-जानकी मंदिर, श्री राधाकृष्ण मंदिर और मां धामा देवी मंदिर सहित कई मंदिरों से निकली भव्य शोभायात्रा

खरसिया। आषाढ़ शुक्ल द्वितीया के पावन पर्व पर आज भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा स्वयं भक्तों को दर्शन देने निकले। श्रद्धा और उल्लास के साथ नगर में भव्य रथ यात्रा का आयोजन किया गया।

रथ यात्रा की शुरुआत श्रीराम जानकी मंदिर, श्री राधाकृष्ण मंदिर, मां धामा देवी मंदिर सहित नगर के विभिन्न मंदिरों से हुई। दिव्य रथों को फूलों, पताकाओं एवं रंगीन झालरों से सजाया गया था। ढोल-नगाड़े, शंख ध्वनि एवं भजन-कीर्तन के साथ रथ आगे बढ़े तो जय जगन्नाथ के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।

यात्रा मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान के रथ की पूजा-अर्चना की और रस्सी खींचकर पुण्य लाभ अर्जित किया और बच्चों ने उत्साह पूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। भारत विकास परिषद शिवाजी शाखा द्वारा स्टेशन रोड में सभी भक्तों का मुंह मीठा करवाया गया। वहीं मंदिर समितियों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा जगह-जगह रथयात्रा का स्वागत किया गया।

भक्तों का मानना है कि रथ यात्रा के दिन भगवान स्वयं अपने भक्तों से मिलने आते हैं। इसलिए इस दिन दर्शन मात्र से ही सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में मंदिर समिति के पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों एवं भक्तगणों का सराहनीय सहयोग रहा।
गायत्री शक्तिपीठ खरसिया का 27वां वार्षिकोत्सव 16 जुलाई को, वैदिक मंत्रोच्चार के साथ होगा संगीतमय दीप महायज्ञ

खरसिया। गायत्री शक्तिपीठ में प्राण प्रतिष्ठा के 27वें वार्षिक उत्सव का आयोजन रथ द्वितीया के पावन अवसर पर 16 जुलाई, गुरुवार को किया जाएगा।

संध्या 7 बजे से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संगीतमय दीप महायज्ञ सम्पन्न होगा। यह यज्ञ शांतिकुंज हरिद्वार के प्रतिनिधि बृजमोहन जी द्वारा कराया जाएगा। यज्ञ एवं आरती के पश्चात अमृत रूपी प्रसाद का वितरण किया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्यअतिथि के रूप में भागवत प्रवक्ता एवं विख्यात ज्योतिषाचार्य पंडित अशोक कुमार जी मुगलीपाली, बरमकेला उपस्थित रहेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में नगरपालिका अध्यक्ष कमल गर्ग जी एवं श्रीमती ममता गर्ग जी गरिमामय उपस्थिति देंगे।

यह शक्तिपीठ खरसिया के हृदय स्थल पर स्थित है। यहां मां गायत्री, मां लक्ष्मी एवं मां दुर्गा की भव्य सुंदर प्रतिमाओं की प्राणप्रतिष्ठा शांतिकुंज हरिद्वार के वरिष्ठ आदरणीय डॉक्टर श्री प्रणब पंड्या के कर कमलों द्वारा आषाढ़ शुक्ल पक्ष द्वितीया, संवत 2056 को सम्पन्न हुई थी। मंदिर में परमपूज्य गुरुदेव श्रीराम शर्मा जी एवं माता भगवती देवी शर्मा की प्रतिमा भी विराजमान है।

▪️भक्तों से है आग्रह..

गायत्री परिवार ट्रस्ट के प्रबंधक ट्रस्टी सुरेश कबुलपुरिया ने सभी माताओं, बहनों एवं भाइयों से परिवार सहित पधारकर माताओं का दर्शन कर संगीतमय दीप महायज्ञ में सहभागिता निभाने एवं प्रसाद ग्रहण कर जीवन धन्य बनाने की प्रार्थना की है। उन्होंने कहा शक्तिपीठ पर जप, साधना एवं गायत्री यज्ञ की ऊर्जा विद्यमान है। आप अपनी मनोकामना मां से मांगकर अवश्य देखें, मां अवश्य सुनती हैं।

इस भक्तिपूर्ण आयोजन को सफल बनाने के लिए अध्यक्ष श्विकास अग्रवाल, उपाध्यक्ष  संदीप कबुलपुरिया, सचिव राकेश गर्ग, सहसचिव अंकित बंसल, कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल, सह कोषाध्यक्ष अमित बंसल, उप प्रबंधक ट्रस्टी जयप्रकाश अग्रवाल, उप प्रबंधक पवन अग्रवाल सहित समस्त पदाधिकारी एवं सदस्य तन-मन-धन से लगे हुए हैं।
साइकिल पाकर खिले बालिकाओं के चेहरे, कुनकुनी स्कूल में हुआ साइकिल वितरण एवं वृक्षारोपण
▪️सरस्वती साइकिल योजना के तहत निःशुल्क साइकिल वितरित, पर्यावरण संरक्षण का भी दिया संदेश

खरसिया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुनकुनी में मंगलवार को शालेय परिवार के तत्वावधान में सरस्वती साइकिल वितरण एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्यअतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रायगढ़ रविन्द्र प्रकाश गवेल उपस्थित रहे। उनके द्वारा शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। साइकिल प्राप्त कर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। वहीं इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यालय परिसर में वृहद स्तर पर वृक्षारोपण भी किया गया। अतिथियों, शिक्षकों एवं छात्राओं ने पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य दूरस्थ अंचल की छात्राओं को स्कूल आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराकर शिक्षा को प्रोत्साहित करना तथा पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस अवसर पर श्रीमती सत बाई छोटेलाल पटेल जिला पंचायत सदस्य, सेत कुमार राठिया बीडीसी, श्रीमती भानुप्रिया नीरज राठिया सरपंच के साथ शिक्षा विभाग से खरसिया बीआरसी प्रदीप साहू के अलावा भोजसिंह राठिया, दिनेश पटेल, पुरुषोत्तम पटेल सहित संकुल प्राचार्य, विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, पालकगण एवं ग्रामीण जन उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आरती वैष्णव ने 72% अंकों के साथ की MJMC में प्रथम श्रेणी उत्तीर्ण
▪️मस्तूरी की बेटी, खरसिया वैष्णव परिवार की बहू को मिली मास्टर ऑफ जर्नलिज्म की उपाधि, पत्रकार जगत में हर्ष

खरसिया। छत्तीसगढ़ की फायर ब्रांड, निर्भीक एवं मुखर महिला पत्रकार श्रीमती आरती वैष्णव ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। मस्तूरी की बेटी एवं खरसिया वैष्णव परिवार की बहू आरती वैष्णव ने डॉ. सी. वी. रमन विश्वविद्यालय, कोटा-बिलासपुर से मास्टर ऑफ जर्नलिज्म (MJMC) की नियमित परीक्षा सत्र 2024-25 में 72 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होकर स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त की है।

▪️जनपक्षधर पत्रकारिता की पहचान

श्रीमती आरती वैष्णव विगत कई वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने हमेशा जनहित के मुद्दों, पीड़ित एवं शोषित वर्ग की आवाज, प्रतिभावान व्यक्तियों की उपलब्धियों तथा छत्तीसगढ़ की जनसमस्याओं को प्रमुखता से सरकार एवं समाज के समक्ष निर्भीकता से उठाया है। उनकी निष्पक्ष एवं जनपक्षधर पत्रकारिता के कारण उन्होंने प्रदेश में अपनी अलग पहचान बनाई है।

वर्तमान में श्रीमती आरती वैष्णव वर्ष 2017 से "पर्दाफाश न्यूज" की प्रधान संपादक तथा CG NEWS LIVE MEDIA OPC PRIVATE LIMITED की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में जागरूकता लाने एवं जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने में उनका निरंतर योगदान रहा है।

श्रीमती आरती वैष्णव खरसिया के सेवानिवृत्त तहसीलदार स्व.डी.डी. वैष्णव की मंझली बहू तथा स्वतंत्र पत्रकार एवं अधिवक्ता भूपेंद्र किशोर वैष्णव की धर्मपत्नी हैं।

उनकी इस शैक्षणिक उपलब्धि पर वैष्णव परिवार के साथ-साथ खरसिया, रायगढ़ एवं संपूर्ण छत्तीसगढ़ के पत्रकार जगत में हर्ष एवं गौरव का वातावरण है। यह उपलब्धि प्रदेश की बेटियों के लिए भी प्रेरणास्रोत मानी जा रही है।

अधिवक्ता संघ खरसिया के अध्यक्ष श्री भोगी लाल यादव, सचिव श्री युगल वैष्णव सहित श्री एमपी. दर्शन, रहमत हुसैन शाबरी, रूपेंद्र जायसवाल, देव नारायण राठौर, झूलसाय यादव, दिनेश राठौर, अनिल खन्ना, विनोद तिवारी, भीम वैष्णव, चंद्रकांत वैष्णव, जगन्नाथ मिश्रा, भावेश वैष्णव, टिकेश डनसेना, शना शाबरी एवं संघ के समस्त पदाधिकारियों ने शुभकामनाएं प्रेषित कीं।इसके अतिरिक्त रायगढ़ के वरिष्ठ पत्रकार श्री महादेव परिहारी, श्री हेमसागर श्रीवास, रामकृष्ण पाठक, नेहरू देवांगन ने भी बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
भारत विकास परिषद के 64वें स्थापना दिवस पर रक्तदान शिविर, 43 यूनिट रक्त एकत्र
▪️सिविल अस्पताल खरसिया में समाजसेवियों और युवाओं ने किया उत्साहपूर्वक रक्तदान

खरसिया। भारत विकास परिषद के 64वें स्थापना दिवस* के अवसर पर भारत विकास परिषद, शिवाजी शाखा खरसिया द्वारा शुक्रवार को स्थानीय सिविल अस्पताल खरसिया में एक वृहद रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर के दौरान समाजसेवियों, युवाओं एवं विभिन्न वर्गों के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जांच उपरांत कुल 43 यूनिट रक्त सफलतापूर्वक संग्रहित किया गया।

आयोजन का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना तथा समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके इस मानवीय योगदान की सराहना की।

पदाधिकारियों ने बताया कि रक्तदान महादान है और ऐसे आयोजनों से समाज में सेवा एवं सहयोग की भावना को मजबूत किया जा सकता है।

▪️पदाधिकारी रहे उपस्थित

इस अवसर परिषद के संरक्षक ऋषि अग्रवाल, संरक्षक ओमप्रकाश गोयल, अध्यक्ष राजेश सांवडिया, सचिव राकेश अग्रवाल गायत्री, कोषाध्यक्ष संजय गुप्ता, संगठन सचिव संजय गुप्ता, सेवा प्रमुख नारायण पाण्डेय, पवन अग्रवाल, अजय अग्रवाल, पत्रकार विष्णुचंद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में सदस्य एवं रक्तदाता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में परिषद के सदस्यों के साथ-साथ अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी, डॉक्टरों एवं समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
माँ के नाम 1100 पौधों का वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारम्भ, एमआर परिवार ने मणि देवी की स्मृति में लिया संकल्प
▪️नवीन प्राथमिक शाला में हुआ कार्यक्रम, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

खरसिया। पर्यावरण संरक्षण और "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत एमआर परिवार द्वारा अपनी माता स्व.मणि देवी की स्मृति में 1100 पौधों का वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ नवीन प्राथमिक शाला खरसिया में खरसिया परिक्षेत्र की परिक्षेत्र अधिकारी श्रीमती लीला पटेल के मुख्य आतिथ्य में किया गया।

कार्यक्रम में एमआर परिवार द्वारा "माँ के नाम वृक्षारोपण" को लेकर जनजागृति का अलख जगाने हेतु एक महती सभा का आयोजन किया गया। सभा में खरसिया के प्रबुद्ध नागरिक, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, लायंस क्लब खरसिया सिटी वन, मंडल के पदाधिकारी, भारत विकास मंच एवं गायत्री परिवार की उपस्थिति सराहनीय रही।

सभा का स्वागत अभिनंदन ऋषि अग्रवाल ने किया एवं कार्यक्रम की रूपरेखा पर प्रकाश डाला। एन.पी. पांडे जी ने पर्यावरण के लिए हरित क्रांति के महत्व को विस्तारपूर्वक प्रस्तुत किया।

मुख्यअतिथि श्रीमती लीला पटेल ने पौधों और वृक्षों के महत्व पर विस्तार से बताते हुए कहा कि जहां हरियाली है, वहां पर्यावरण सुरक्षित है। हम सभी को अधिक से अधिक पौधारोपण करना चाहिए।

प्राचार्य गीता मैडम ने घर की बागवानी में पौधों एवं वृक्षों की महत्ता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन राकेश गायत्री ने किया। अंत में एमआर परिवार के वरिष्ठ सदस्य श्री सुरेश अग्रवाल ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।

▪️गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति..

इस अवसर पर स्कूल संचालन समिति के अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद गर्ग, प्राथमिक शाला संचालन समिति अध्यक्ष संजय गुप्ता, भारत विकास मंच के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, पत्रकार संजय गुप्ता, लायंस क्लब के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, रामनारायण सोनी, अनिल अग्रवाल, ओमप्रकाश गोयल, सरिता देवी, श्वेता अग्रवाल, कुजूर मैडम सहित बड़ी संख्या में नगर के गणमान्य नागरिक एवं छात्राएं उपस्थित रहे।