खरसिया स्टेशन पर लिफ्ट-एस्केलेटर की मांग, युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष ने रेलवे के महाप्रबंधक से की मुलाकात
खरसिया। खरसिया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को हो रही परेशानियों को लेकर जिला युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष अंकित अग्रवाल ने आज बिलासपुर में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
अंकित अग्रवाल ने बताया कि खरसिया स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 1 और 2 पर जाने के लिए यात्रियों को 40 से अधिक ऊंची सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं। इससे बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांग यात्रियों को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि स्टेशन पर दिव्यांगों के लिए बना रैंप भी अत्यधिक ढाल वाला और घुमावदार है, जिसके कारण उस पर व्हीलचेयर ले जाना संभव नहीं है। यह रैंप नाम मात्र का है।
इस पर अंकित अग्रवाल ने महाप्रबंधक से तीन प्रमुख मांगे रखीं -
1. प्लेटफॉर्म 1 और 2 पर लिफ्ट और एस्केलेटर लगाया जाए।
2. मौजूदा रैंप को मानक अनुसार सुधारा जाए।
3. जब तक स्थायी व्यवस्था नहीं होती, तब तक स्टेशन पर बुजुर्ग और दिव्यांग यात्रियों के लिए बैटरी संचालित वाहन की व्यवस्था की जाए।
महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने उनकी मांगों को गंभीरता से सुना और इस दिशा में सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।