नवरात्रि और दशहरा मेला को लेकर खरसिया पुलिस-प्रशासन मुस्तैद, शांति समिति की बैठक में दिए सख्त निर्देश
खरसिया। आगामी नवरात्रि और दशहरा मेला को शांतिपूर्ण और सुरक्षित रूप से संपन्न कराने के लिए खरसिया पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी कड़ी में आज 8 अक्टूबर को रेस्ट हाउस में दोपहर 4:00 बजे शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में खरसिया एसडीएम प्रवीण भगत, एसडीओपी सतीश भार्गव, टीआई श्रीनाथ त्रिपाठी, नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग, उपाध्यक्ष अवध नारायण बंटी सोनी, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष विजय शर्मा सहित सभी दुर्गा पंडाल समितियों के सदस्य और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक में नवरात्रि और दशहरा मेले के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने, सुरक्षा व्यवस्था और शांति बनाए रखने को लेकर विशेष चर्चा की गई।
▪️पुलिस चौकी प्रभारी द्वारा पंडाल समितियों के लिए 13 बिंदुओं की नियमावली जारी
पुलिस चौकी प्रभारी खरसिया द्वारा सभी दुर्गा पंडाल समितियों को कड़ाई से पालन करने हेतु निम्न निर्देश जारी किए गए हैं -
1. पंडाल में सुरक्षा हेतु पर्याप्त वालिंटियर रखें।
2. रात्रि में सुरक्षा के लिए समिति के दो या दो से अधिक सदस्य अनिवार्य रूप से पंडाल में रहें।
3. सुरक्षा और आने-जाने वालों पर निगाह रखने के लिए पंडाल में सीसीटीवी कैमरा अनिवार्य रूप से लगाएं।
4. पंडाल में शराब सेवन करने वालों पर विशेष निगाह रखें।
5. बिजली विभाग से अनुमति लेकर पर्याप्त रोशनी रखें, बिजली के खुले तारों को अच्छे से चेक करें।
6. पंडाल में अग्निशामक यंत्र और रेत की व्यवस्था रखें।
7. आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति या उपद्रव होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
8. सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखें और पुलिस पेट्रोलिंग से सतत संपर्क में रहें।
9. डी.जे. बजाने के लिए अनुविभागीय अधिकारी से परमिशन लेना अनिवार्य है, निर्धारित साउंड और निर्धारित समय तक ही बजाएं, रात्रि में अनावश्यक न बजाएं।
10. मूर्ति विसर्जन के दौरान शराब पीकर रैली में शामिल न हों।
11. बच्चों और जिन्हें तैरना नहीं आता उन्हें तालाब में विसर्जन के लिए न जाने दें।
12. समिति के सभी सदस्यों के नाम और मोबाइल नंबर चौकी में अनिवार्य रूप से नोट कराएं।
13. चौकी और पुलिस कंट्रोल रूम का नंबर अपने पास रखें, किसी भी प्रकार की गड़बड़ी होने पर तुरंत सूचना दें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उपरोक्त निर्देशों का कड़ाई से पालन करना अनिवार्य है, जिसकी समस्त जवाबदारी समिति की होगी। पालन न करने पर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।