सच्ची दिवाली तो यही है: जब वंचित बच्चों की मुस्कान से रोशन हुआ खरसिया..
▫️खरसिया पुलिस और हेल्पिंग हैंड्स क्लब ने मनाई "खुशियों की दीपावली", सैकड़ों बच्चों में बांटे दीप, मिठाई और पटाखे
खरसिया। जब पूरा शहर अपने घरों को रौशन करने में व्यस्त रहा, तब खरसिया में कुछ लोगों ने दीये उन झोपड़ियों में जलाए, जहाँ हर साल अंधेरा ही रह जाता है। मानव सेवा ही माधव सेवा के संकल्प को जी रही सामाजिक संस्था हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन ने इस बार की दिवाली को सच में सार्थक कर दिखाया।
संस्था ने खरसिया पुलिस के साथ मिलकर "दिवाली विथ अपनो" अभियान के तहत बुधवार को एक ऐसा आयोजन किया, जिसने हर आंख को खुशियों से नम और हर दिल को आह्लादित कर दिया।
जिन बच्चों के लिए पटाखे और मिठाई सिर्फ एक सपना है, ऐसे सैकड़ों जरूरतमंद बच्चों को दिवाली किट प्रदान की गई। किट में दिया, तेल, बाती, फुलझड़ी, चॉकलेट, टॉफी, बिस्किट और मिठाइयों का पूरा पैकेज था। सिर्फ सामान ही नहीं बांटा, उनके साथ बैठकर त्योहार भी मनाया गया।
▪️पटाखों की गूंज से ज्यादा गूंजी बच्चों की हंसी
कार्यक्रम केवल वितरण तक सीमित नहीं रहा। बच्चों ने पुलिस के जवानों और क्लब के सदस्यों के साथ जमकर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। "भारत का बच्चा-बच्चा" और "पताल चटनी" गानों पर बच्चों का डांस देखकर सभी भाव-विभोर हो उठे। बच्चों ने पुलिस टीम के साथ मिलकर फटाखे फोड़े और जमकर खुशियां मनाई।
इस अवसर पर एसडीएम प्रवीण भगत, एसडीओपी सतीश भार्गव और चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी ने बच्चों को सुरक्षित और खुशहाल दिवाली मनाने का संदेश दिया। एसडीओपी भार्गव ने बच्चों को कई महत्वपूर्ण सुरक्षा बातें भी समझाईं।
▪️ये रहे खुशियों के सारथी
इस पुनीत आयोजन में हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन के प्रदेश संरक्षक मनोज गोयल, प्रदेश अध्यक्ष एवं संस्थापक अंकित अग्रवाल, हनुमान अग्रवाल, राजेश घंसू, रतन अग्रवाल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राकेश केशरवानी, महिला विंग खरसिया अध्यक्ष आशा अग्रवाल, उपाध्यक्ष बबीता गुप्ता, रजनी अग्रवाल, ललिता शर्मा, हिमांशु अग्रवाल, संस्कार गोयल, लोकेश गर्ग, नीलेश अग्रवाल सहित क्लब के सभी सदस्य और चौकी पुलिस के जवान उपस्थित रहे।
संस्था के प्रदेश संरक्षक रमेश अग्रवाल एवं वूमेन विंग प्रदेश अध्यक्षा बबीता अग्रवाल ने खरसिया टीम को इस शानदार आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा- हेल्पिंग हैंड्स क्लब का संकल्प है कि हर त्योहार की खुशी आखिरी व्यक्ति तक पहुंचे। हम रक्तदान से लेकर हर सामाजिक सेवा के लिए हमेशा तत्पर हैं।"
सच ही कहा गया है - दिए से दिया जलता है, तभी तो रोशन जहान होता है। खरसिया पुलिस और हेल्पिंग हैंड्स ने इस दिवाली पर सिर्फ पटाखे नहीं, बल्कि सैकड़ों बच्चों के चेहरों पर उम्मीद की रोशनी जलाई है।