श्रीराम सप्ताह पर भक्ति में डूबा शहर, 1 से 8 अक्टूबर तक होंगे विविध धार्मिक आयोजन, नन्हे भक्त निकालेंगे प्रभात फेरी
खरसिया। शहर के हनुमान मंदिर में 1 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक राम सप्ताह का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस पावन अवसर पर 8 दिनों तक धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला चलेगी, जिसमें सनातन के वाहक नन्हे भक्त प्रभात फेरी निकालेंगे और बालक-बालिकाएं अपने मधुर स्वरों से भक्ति रस की गंगा बहाएंगे।
आयोजन समिति ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से सपरिवार पधारकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने की अपील की है। इस वर्ष विशेष आकर्षण के रूप में महाप्रभु जगन्नाथ स्वामी और बांके बिहारी जी की झांकी हनुमान मंदिर की शोभा बढ़ाएगी।
▪️प्रतिदिन के मुख्य कार्यक्रम:
1 से 8 अक्टूबर तक - प्रातः एवं सायं बालाजी की माला एवं आरती।
1 से 7 अक्टूबर तक - सायं आरती में 2 बच्चों के साथ हनुमान जी की विशेष झांकी, साथ ही प्रतिदिन 7 बच्चों द्वारा नटखट हनुमान, वानर हनुमान, राम-सीता सहित विभिन्न स्वरूपों में झांकी प्रस्तुति।
2 अक्टूबर को - शाम 4 से 7 बजे तक महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन।
3 अक्टूबर, शनिवार को - महिलाओं द्वारा सुंदरकांड पाठ, बालाजी का बाल रूप में जन्मोत्सव, राम दरबार की प्रस्तुति एवं फूलों की होली।
4 अक्टूबर, रविवार को - दोपहर 3 बजे बच्चों द्वारा मंदिर में फेरी, हनुमान चालीसा पाठ एवं बच्चों द्वारा भजन-नृत्य प्रस्तुति।
8 अक्टूबर को विशेष आयोजन - पालकी यात्रा में राम दरबार की शोभायात्रा निकलेगी, वापसी पर महाआरती होगी।
▪️फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता भी होगी आकर्षण
इस दौरान भगवान के स्वरूपों में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इसमें बच्चे माँ काली, श्री विष्णु, तिरुपति बालाजी, ब्रह्मा जी, गणेश जी, शिवजी, श्री कृष्ण, शबरी माँ, द्वारकाधीश, जगन्नाथ भगवान, सरस्वती माँ, लक्ष्मी माँ, दुर्गा माँ जैसे स्वरूपों में वेशभूषा धारण कर अभिनय एवं प्रस्तुति देंगे।