सच्ची दीपावली: जब बच्चों की हँसी और गौमाता की सेवा से रोशन हुआ गौधाम
▪️दियों का प्रकाश नहीं, दिलों का प्रकाश है दीपावली - गौ सेवा गौधाम, खरसिया में दिखा अनोखा संगम
▪️एक्सीडेंटल दिव्यांग गौवंश के साथ बच्चों ने बांटी खुशियां
खरसिया। कहा जाता है दीपावली का असली प्रकाश दीयों में नहीं, दिलों में होता है। और इस सत्य को चरितार्थ किया है कामधेनु गौ सेवा संगठन, छत्तीसगढ़ ने। संगठन के तत्वावधान में गौ सेवा गौधाम, खरसिया में इस वर्ष भी एक ऐसी दीपावली मनाई गई, जो हर किसी के लिए प्रेरणा बन गई।
इस बार की दीपावली सबसे खास थी, क्योंकि बच्चों ने अपनी खुशियाँ उन एक्सीडेंटल दिव्यांग गौवंश के साथ साझा कीं, जिन्हें सड़क हादसों ने असहाय बना दिया है। जिन गौमाताओं को समाज ने शायद भुला दिया, उन्हीं को बच्चों ने सबसे ज्यादा प्रेम दिया।
दृश्य बड़ा ही भावुक था। किसी बच्चे ने श्रद्धा से गौमाता को चारा खिलाया, तो किसी ने अपने हाथों से गुड़-रोटी खिलाई और किसी ने प्यार से उन्हें सहलाया। दिव्यांग गौवंश की आँखों में भी उस क्षण कृतज्ञता और ममता साफ झलक रही थी। मानो वे भी कह रही हों कि सेवा ही सबसे बड़ी पूजा है।
सेवा के बाद बच्चों को मिठाई और पटाखे वितरित किए गए। उस दिन गौधाम में पटाखों की आवाज़ से ज्यादा गूंज बच्चों की खिलखिलाहट की थी।
▪️संस्कार ही सच्ची सेवा है
गौसेवक राकेश केशरवानी ने बताया कि वे पिछले 9 वर्षों से लगातार इसी तरह बच्चों के साथ दिवाली मना रहे हैं। अपने जन्मदिन पर भी वे इसी तरह खुशियाँ बांटने निकल पड़ते हैं।
उन्होंने कहा, "इसमें से ज्यादातर बच्चे ऐसे होते हैं जिनके लिए मिठाई, पटाखे और त्योहार सिर्फ एक सपना होता है। यही हमारी संस्कृति है- जब बच्चे बचपन से ही गौ सेवा, करुणा और मानवता सीखेंगे, तभी समाज और संस्कार मजबूत होंगे। गौमाता की सेवा ही सच्ची दीपावली है।"
आयोजन ने एक बड़ा संदेश दिया- आइए संकल्प लें, हर दीपावली, हर त्योहार गौमाता के साथ, सेवा के साथ और बच्चों की मुस्कान के साथ मनाएंगे।