श्रीराम सप्ताह में बच्चों ने किया हनुमान चालीसा पाठ, भजनों से गूंजा मंदिर
खरसिया। नगर में चल रहे श्रीराम सप्ताह के दौरान रविवार का दिन बच्चों के नाम रहा। नन्हे-नन्हे बच्चों ने सामूहिक रूप से श्री हनुमान चालीसा का पाठ किया और "सीता-सीता, राम-राम" का जाप करते हुए मंदिर में फेरी लगाई।
सैकड़ों की संख्या में बच्चों ने इस कार्यक्रम में उत्साह के साथ भाग लिया और भजनों पर अपनी प्रस्तुतियां भी दीं, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिरस से सराबोर हो गया।
▪️8 अक्टूबर को होगा समापन, हर बच्चे को मिलेगा पुरस्कार
सियाराम सखा मंडल के प्रमुख मनोज गोयल और अंकित अग्रवाल ने बताया कि इस श्रीराम सप्ताह का समापन समारोह आगामी 8 अक्टूबर को होगा। समापन के अवसर पर बच्चों की मनमोहक झलक-झांकी निकाली जाएगी, जिसमें बच्चे भगवान के विभिन्न स्वरूपों में सजेंगे। इसमें हर बच्चा शामिल हो सकता है।
विशेष बात यह है कि इस कार्यक्रम में कोई प्रथम-द्वितीय नहीं होगा, सभी बच्चों को एक समान पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
▪️कार्यक्रम में पहुंचे एसएसपी शशिमोहन सिंह
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह शामिल हुए। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा "मैं नमन करता हूं ऐसे माता-पिता को, जिन्होंने अपने बच्चों को सनातन धर्म के प्रति इतना जागरूक किया है। आज यहां आकर आप सबकी भक्ति देखकर बहुत अलग अनुभव हो रहा है। इस मंदिर में इतना भक्तिमय और भक्तिरस से भरा कार्यक्रम... हमारी संस्कृति और हमारे सनातन धर्म को आगे ले जा रहे सियाराम सखा मंडल जैसे युवाओं को मैं बधाई देता हूं।"
उन्होंने कैप्टन स्मिथ का उदाहरण देते हुए कहा कि हनुमान चालीसा में कितनी ताकत है, इसका प्रमाण हम सबने देखा है, जिसने 174 जानें बचाईं।