बरगढ़ भाठागांव में भव्य कलश यात्रा के साथ शारदीय नवरात्र का शुभारंभ
▫️जय माता दी के जयकारों से गूंजा बरगढ़, मां शैलपुत्री की पूजा के साथ हुई घटस्थापना
खरसिया। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन बरगढ़ के भाठागांव में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
प्रथम वर्ष मां जगदंबे की प्रतिमा विराजमान कराए जाने के अवसर पर ग्राम में भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं सहित श्रद्धालु शामिल हुए।
▫️बाजे-गाजे के साथ निकली यात्रा
श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। महिलाओं ने विधि-विधान से पवित्र जल भरकर कलश उठाया और गाजे-बाजे के साथ पूजा स्थल तक पहुंचीं। पूरे मार्ग में "जय माता दी" के जयकारे गूंजते रहे, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।
▫️विधि-विधान से हुई घटस्थापना
पूजा स्थल पर पहुंचने के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के साथ घटस्थापना की गई। इसके पश्चात मां शैलपुत्री की विधिवत पूजा-अर्चना कर नवरात्र पर्व का शुभारंभ किया गया। श्रद्धालुओं ने मां जगदंबे से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
प्रथम वर्ष स्थापना को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह है। नवरात्र के नौ दिनों तक यहाँ विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।