खरसिया में हेल्पिंग हैंड्स क्लब एवं रायगढ़ पुलिस का सड़क और साइबर जागरूकता अभियान
▪️आईजी रामगोपाल गर्ग ने हेलमेट पहनकर चलाई बुलेट, दिया सुरक्षा का संदेश
खरसिया। मानव सेवा-माधव सेवा के संकल्प के साथ पूरे देश में सामाजिक कार्यों के लिए प्रसिद्ध हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन एवं रायगढ़ जिला पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में आज खरसिया में सड़क सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान का भव्य शुभारंभ हुआ।
अभियान में बिलासपुर संभाग के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग एवं रायगढ़ जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह विशेष रूप से खरसिया पहुंचे। उनके साथ डीएसपी उत्तम सिंह, एसडीओपी सतीश भार्गव सहित अनेक पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
▪️हजारों नागरिकों ने ली सुरक्षा की शपथ
कार्यक्रम की शुरुआत अग्रसेन चौक में महाराजा अग्रसेन जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और राज्यगीत 'अरपा पैरी के धार' के साथ हुई।
धर्म की नगरी खरसिया में आज एक अलग ही उत्साह देखने को मिला। बारिश की फुहारों के बीच फूलों की वर्षा, कर्मा नृत्य और आतिशबाजी के साथ नगरवासियों ने आईजी रामगोपाल गर्ग का आत्मीय स्वागत किया।
अग्रसेन चौक में हजारों की संख्या में नागरिकों ने सड़क सुरक्षा और साइबर सुरक्षा को लेकर शपथ ली। शपथ स्वयं आईजी रामगोपाल गर्ग ने दिलाई।
अपने उद्बोधन में एसएसपी शशिमोहन सिंह ने कहा, "साइबर जागरूकता इसलिए जरूरी है क्योंकि हमारा पूरा डाटा उनके पास है, हमें उनसे बचना है।" उन्होंने इस ऐतिहासिक अभियान के लिए हेल्पिंग हैंड्स टीम को बधाई दी।
मुख्य अतिथि आईजी रामगोपाल गर्ग ने कहा, "बहुत दिनों से खरसिया आने का प्लान था, आज आप सबके बीच आकर बहुत अच्छा लग रहा है। हर नागरिक को साइबर जागरूक बनना है और सड़क सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य है।" उन्होंने हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन की इस पहल को सराहनीय बताते हुए प्रदेश संरक्षक मनोज गोयल, संस्थापक अंकित अग्रवाल एवं पूरी टीम को बधाई दी।
इसके बाद आईजी ने स्वयं हेलमेट पहनकर बुलेट चलाई और राहगीरों को हेलमेट वितरित कर बाइक रैली में शामिल होकर जागरूकता का संदेश दिया।
▪️अखंड श्रीराम सप्ताह में बच्चों ने दी प्रस्तुति, आईजी ने की सराहना
इसके पश्चात आईजी एवं एसएसपी गंज बाजार स्थित श्री हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां 134 वर्षों से अनवरत चल रहे अखंड श्रीराम सप्ताह में छोटे-छोटे बच्चों ने भजनों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया।
आईजी ने मंदिर में दर्शन-पूजन कर राम नाम की फेरी लगाई और बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि धर्म की इस नगरी में ऐसे भक्तिमय आयोजन होते रहना गर्व की बात है। उन्होंने शिव तांडव की प्रस्तुति देने वाली रूही अग्रवाल सहित सभी बच्चों की सराहना की।
▪️इस अवसर पर प्रमुख रूप से इनकी रही उपस्तिथि
हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन के प्रदेश संरक्षक मनोज गोयल, बंटी सोनी, प्रदेश अध्यक्ष एवं संस्थापक अंकित अग्रवाल, हिमांशु अग्रवाल, राजेश अग्रवाल घंसू, राजेंद्र अग्रवाल नूतन, हनुमान अग्रवाल, विनय कबूलपुरिया, रतन अग्रवाल, बाऊ अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, साहिल सारथी, हर्ष शर्मा, संजय कंकरवाल, महिला विंग अध्यक्ष आशा अग्रवाल, उपाध्यक्ष बबीता गुप्ता सहित समस्त सदस्यगण एवं हजारों नगरवासी इस मौके पर उपस्थित रहे।