खरसिया में छठ महापर्व की गूंज: नहाय-खाय से कल से शुरू होगा लोक आस्था का महापर्व
▪️13 से 16 नवंबर तक चलेगा चार दिवसीय अनुष्ठान, मुख्य अर्घ्य 15 नवंबर को
खरसिया। दीपावली की रोशनी अभी धुंधली भी नहीं हुई कि खरसिया में अब लोक आस्था के सबसे बड़े महापर्व छठ की तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है।
चार दिन, चार व्रतों के साथ इस साल छठ पूजा शुक्रवार को नहाय-खाय से शुरू होकर सोमवार को उषा अर्घ्य के साथ संपन्न होगी। 13 नवंबर को - नहाय खाय है, जिसमें पवित्र स्नान और शुद्ध भोजन से व्रत की शुरुआत होगी। वहीं 14 नवंबर को खरना मतलब दिन भर निर्जला व्रत और शाम को खीर-रोटी का प्रसाद व्रती लेंगे। 15 नवंबर की संध्या डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा और छठ का मुख्य दिन 16 नवंबर को उषा अर्घ्य यानि उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ 36 घंटे के महाव्रत का पारण होगा।
रंगीन मछलियों के लिए प्रसिद्ध खरसिया के भगत तालाब पर संजय नगर की ओर धवल छठ घाट बनाया गया है, जहां सफाई अभियान तेज हो गया है। वहीं समाज की महिलाएं टोकरियाँ, सूप, नए वस्त्र और ठेकुआ की तैयारी में जुट गई हैं। छठ पूजा समिति ने घाट पर लाइट, साफ-सफाई और सुरक्षा की व्यवस्था के लिए कमर कस ली है ताकि व्रती माताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
छठ सिर्फ पर्व नहीं, बल्कि तप, पवित्रता और सीधे सूर्य देव से जुड़ने का पर्व है। इस बार भी खरसिया के घाट "छठी मैया की जय" और "कांच ही बांस के बहंगिया" से गूंजने को तैयार हैं।