बैंक खाते की एफ.डी. से ₹8 लाख की अनधिकृत निकासी कर धोखाधड़ी करने वाले साइबर अपराधियों को बैंक खाता उपलब्ध कराने वाला 1 आरोपी गिरफ्तार।
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 17 जून । 25 फरवरी को एक व्यक्ति ने थाना साइबर अपराध पश्चिम, गुरुग्राम में शिकायत दी कि उसके बैंक खाते की एफ.डी. से उसकी जानकारी एवं अनुमति के बिना चार अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 8 लाख रुपए की राशि की अनधिकृत निकासी कर धोखाधड़ी की गई है। प्राप्त शिकायत पर थाना साइबर अपराध पश्चिम, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
थाना साइबर अपराध पश्चिम, गुरुग्राम के एएसआई संदीप ने पुलिस टीम के साथ कार्यवाही करते हुए उपरोक्त अभियोग में तकनीकी साक्ष्यों एवं जांच के आधार पर अभियोग में संलिप्त 1 आरोपी को 16 जून को दिल्ली से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान विक्की गुप्ता निवासी मंडोली एक्सटेंशन, उत्तर-पूर्वी दिल्ली के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में ज्ञात हुआ कि उपरोक्त अभियोग में ठगी गई राशि में से चार लाख रुपये जिस बैंक खाता में आए थे वह बैंक खाता आरोपी विक्की गुप्ता के नाम था। उपरोक्त आरोपी ने अपना बैंक खाता अन्य व्यक्तियों को 40 हजार रुपए में उपलब्ध/बेचा था, जिसके माध्यम से साइबर धोखाधड़ी से संबंधित राशि का लेन-देन किया गया।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी से इस मामले तथा अन्य साइबर धोखाधड़ी के मामलों में उसकी संलिप्तता, बैंक खातों के उपयोग, लेन-देन तथा अन्य सह-आरोपियों के संबंध में गहनता से पूछताछ की जा रही है।
नियमानुसार आगामी कार्यवाही की जाएगी। अभियोग का अनुसंधान जारी है।